उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ अलापुर थाना क्षेत्र मे भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए वाटरपार्क में नहाने गए 7 वर्षीय मासूम बच्चे की पानी में डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों ने बिना पुलिस को सूचना दिए शव को सुपुर्द-ए-खाक (दफन) कर दिया था। इसके बाद आज रविवार को मृतक के पिता की शिकायत पर प्रशासन ने बड़ा रुख अपनाते हुए मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कब्र खुदवाकर शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
उक्त मामला जिला मुख्यालय बदायूँ से करीब 14 किलोमीटर दूर स्थित भसराला गांव से जुड़ा है। गांव निवासी जफर अपने परिवार और तीन बच्चों के साथ रहते हैं। कल शनिवार को उनका दूसरे नंबर का बेटा हसनैन आयु 7 वर्ष भीषण गर्मी के चलते गांव में ही बने एक निर्माणाधीन वाटरपार्क में नहाने गया था। वहां कई अन्य बच्चे भी मौजूद थे। इसी बीच नहाते समय हसनैन अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। जब तक आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते और उसे पानी से बाहर निकालते, तब तक मासूम हसनैन की सांसें थम चुकी थीं। बच्चे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। बच्चे की मौत से सदमे मे आये परिजनो ने बिना कोई कानूनी कार्रवाई करे बच्चे के शव को दफन कर दिया।
शव दफनाने के कुछ घंटों बाद मृतक बच्चे के पिता जफर ने वाटरपार्क संचालक पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अलापुर थाने में तहरीर दी। मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत पूरी रिपोर्ट जिलाधिकारी बदायूँ को भेजी। इस घटना का संज्ञान लेते हुए आज रविवार को डीएम के निर्देश पर एसडीएम सदर मोहित सिंह और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में गांव के कब्रिस्तान में हसनैन की कब्र को खुदवाकर शव को बाहर निकाला गया। बच्चे के शव को कब्र से बाहर निकालने के बाद पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम हेतु जिला मुख्यालय भेज दिया गया है। इस दौरान मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा रही।
प्रशासनिक जांच मे सामने आया कि जिस वाटरपार्क में यह हादसा हुआ, वह पूरी तरह अवैध था और प्रशासन से बिना किसी अनुमति के चलाया जा रहा था। आरोप है कि वाटरपार्क में बच्चों की सुरक्षा के लिए कोई घेराबंदी नहीं की गई थी। इतने बड़े पूल पर बच्चों की निगरानी के लिए कोई लाइफगार्ड या सुरक्षाकर्मी तैनात नहीं था।
प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध वाटरपार्क को सील कर दिया है। अलापुर थाना प्रभारी निरीक्षक माधव सिंह बिष्ट ने बताया कि पीड़ित पिता की तहरीर के आधार पर वाटरपार्क संचालक और केयरटेकर नदीम के खिलाफ बिना अनुमति पार्क चलाने, सुरक्षा मानकों की अनदेखी और जल नियमों के उल्लंघन की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए केयरटेकर नदीम को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि फरार चल रहे वाटरपार्क संचालक की तलाश में दबिश दी जा रही है। थाना प्रभारी ने साफ किया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आरोपियों के खिलाफ कानूनी शिकंजा और कड़ा किया जाएगा। इस हादसे के बाद से पूरे भसराला गांव में मातम पसरा हुआ है और पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

