जिला पीलीभीत के बरखेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गाँव मे आज रविवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक महिला ने फांसी के फंदे पर झूलकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। गनीमत रही कि मौके पर पहुंचे एक युवक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए फंदा बनाई गयी साड़ी को काट दिया और महिला की जान बच गयी। इस मामले मे परिजनो द्वारा पुलिस को दी गयी तहरीर मे पूरे परिवार को मुकदमे मे फंसाने के लिए महिला द्वारा यह आत्मघाती कदम उठाये जाने का गंभीर आरोप लगाया गया है।
थाना क्षेत्र के गाँव करोड़ निवासी नंदकिशोर ने पुलिस को दी गयी तहरीर मे बताया कि संपत्ति को लेकर चल रहे विवाद के कारण उनके भतीजे सतीश कुमार की पत्नी शशिकला आए दिन पूरे परिवार को जेल भिजवाने की धमकी देती रहती है। आज रविवार सुबह करीब सात बजे शशिकला अचानक घर के रास्ते पर बनी खपरैल पर चढ़ गई और वहां लगे खपटे को तोड़कर अपनी साड़ी का फंदा बनाकर गले मे डालने का प्रयास किया।
महिला को फंदा लगाता देख परिजनों में चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर परिवार का ही अजय नामक युवक दौड़कर मौके पर पहुंचा। उसने बिना वक्त गंवाए तुरंत पास पड़े हंसिए से साड़ी को काट दिया और महिला को सुरक्षित नीचे उतारा। शोर-शराबा सुनकर तब तक बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर इकट्ठा हो गए।
आरोप है कि शशिकला पहले भी तीन बार घर के अंदर ही आत्महत्या करने का ड्रामा रच चुकी है। परिजनों ने आशंका जताई है कि महिला संपत्ति हड़पने के लिए कभी भी कोई भी अप्रिय कदम उठा सकती है। महिला द्वारा की गयी ऐसी किसी हरकत के कारण पूरा परिवार कानूनी झमेले मे फंस सकता है। पीड़ित परिवार ने थानाध्यक्ष से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी महिला के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

