उत्तर प्रदेश के जिला बदायूँ से मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आयी है। इस घटना ने एक बार फिर बच्चियों की सुरक्षा को लेकर किये जा रहे तमाम प्रशासनिक दावो पर प्रश्न चिन्ह लगा दिया है। यहाँ घर के बाहर खड़ी ताजिया देख रही मात्र चार वर्षीय मासूम बच्ची को एक दरिंदा अगवा कर ले गया और उसके साथ हैवानियत की। आज शनिवार को आई मेडिकल रिपोर्ट में बच्ची के साथ दुष्कर्म होने की आधिकारिक पुष्टि हो होने के बाद से क्षेत्र मे आक्रोश व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अलापुर थाना क्षेत्र की एक गांव निवासी चार वर्षीय मासूम बच्ची गुरुवार शाम अपने घर के बाहर खड़ी ताजिया देख रही थी। इसी दौरान भीड़ और अंधेरे का फायदा उठाकर एक अज्ञात शख्स उसे उठाकर फरार हो गया। बच्ची के इस तरह अचानक लापता होने से परिजनों में हड़कंप मच गया। काफी खोजबीन के बाद भी बच्ची का कुछ पता न चलने पर उसके नाना ने तुरंत अलापुर थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल गुमशुदगी दर्ज कर बच्ची की तलाश शुरू की। गायब होने के करीब नौ घंटे बाद कल शुक्रवार तड़के लगभग पांच बजे बच्ची गांव के बाहर स्थित एक मक्के के खेत में बदहवास हालत मे रोते हुए मिली। बच्ची की हालत देख परिजनों और पुलिस के पैरों तले जमीन खिसक गई; मासूम के कपड़े खून से पूरी तरह लथपथ थे।
घटना की भयावह स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तुरंत बच्ची की काउंसलिंग कराई और जिला महिला अस्पताल भेजकर उसका मेडिकल परीक्षण कराया। घटनास्थल की संवेदनशीलता को देखते हुए अलापुर पुलिस के साथ-साथ एसओजी और फोरेंसिक टीम ने भी मक्के के खेत का बारीकी से निरीक्षण किया और वहाँ से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। आज शनिवार को आई मेडिकल रिपोर्ट ने पुलिस और परिजनों की उस आशंका को सच साबित कर दिया, जिससे हर कोई कांप रहा था। मेडिकल रिपोर्ट में मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म होने की पूरी तरह से पुष्टि हो गई है।
इस बेहद संवेदनशील और गंभीर मामले पर बदायूं की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने कड़ा रुख अख्तियार किया है। देर रात तक स्थिति पर नजर रखने के बाद शनिवार को मेडिकल रिपोर्ट आते ही उन्होंने मामले की विस्तृत जानकारी दी। एसएसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि बच्ची की मेडिकल परीक्षण की रिपोर्ट मे दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पूर्व मे दर्ज मुकदमे में पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म की धाराएं बढ़ा दी हैं। आरोपी की धरपकड़ के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पीड़ित बच्ची की काउंसलिंग कराई जा रही है और परिजनों से भी पूछताछ कर सुराग जुटाए जा रहे हैं। आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |
.png)
