किरतपुर/बिजनौर - घर जमाई बनकर रह रहे जीजा ने ली साले की जान, सो रहे साले पर किये चाकू से ताबड़तोड़ वार, आरोपी गिरफ्तार - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


शनिवार, जून 27, 2026

किरतपुर/बिजनौर - घर जमाई बनकर रह रहे जीजा ने ली साले की जान, सो रहे साले पर किये चाकू से ताबड़तोड़ वार, आरोपी गिरफ्तार

newsindia17.com/kiratpur-bijnor-ghar-jamai-jija-ne-sale-ki-hatya-chaku-se-hamla-aaropi-girftar

जिला बिजनौर के किरतपुर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ कल शुक्रवार की देर थाना हुए एक पारिवारिक विवाद ने ऐसा हिंसक रूप ले लिया कि जीजा ने अपने सगे साले की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। इस खौफनाक हत्याकांड के बाद से पूरे गांव में हड़कंप मच गया है और एहतियातन गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक सचिन आयु 23 वर्ष निवासी गाँव भनेड़ा की बहन की शादी करीब सात वर्ष पहले कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के गाँव रामपुर निवासी शीलगंगे पुत्र कलवा के साथ हुई थी। बताया गया कि शीलगंगे  शादी के करीब एक वर्ष बाद ही पत्नी को लेकर ससुराल आ गया था और घर जमाई बनकर रह रहा था। शीलगंगे  कोई स्थायी कामधंधा नहीं करता था, जिसके चलते परिवार में अक्सर तनातनी का माहौल रहता था। सचिन चाहता था कि उसका जीजा अपने पैरो पर खड़ा हो और अपने गांव लौट जाए। वह कई बार जीजा को अपने वापस जाने के लिए भी कह चुका था, जिसे लेकर दोनों के बीच पहले भी कई बार तीखी कहासुनी हो चुकी थी।


विवाद की एक बड़ी वजह आरोपी की संकुचित मानसिकता भी थी। मायके आने के बाद सचिन की बहन ने बिजनौर की एक धागा फैक्ट्री में नौकरी शुरू कर दी थी ताकि परिवार का खर्च चल सके। आरोपी अपनी पत्नी के काम करने का लगातार विरोध करता था और उस पर नौकरी छोड़ने का दबाव बनाता था। वहीं, भाई होने के नाते सचिन हमेशा अपनी बहन के फैसले का समर्थन करता था और उसके हक में खड़ा रहता था। यही बात जीजा को अंदर ही अंदर चुभ रही थी।


कल शुक्रवार शाम को भी दोनों के बीच इसी मुद्दे को लेकर काफी विवाद हुआ था। देर रात करीब दो बजे जब मामला शांत लग रहा था शीलगंगे ने छत पर सो रहे सचिन पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। चीख-पुकार और शोरगुल सुनकर  परिजन आनन-फानन में छत पर पहुंचे। वहां का मंजर देखकर उनके होश उड़ गए। सचिन लहूलुहान हालत में पड़ा तड़प रहा था। परिजनों ने सूझबूझ दिखाते हुए आरोपी जीजा को मौके पर ही दबोच लिया और तुरंत डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी।


गंभीर रूप से घायल सचिन को परिजन तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किरतपुर ले गए। जहाँ डॉक्टरो ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवा बेटे की मौत की खबर सुनते ही मां और पूरे परिवार में कोहराम मच गया। मृतक सचिन अभी अविवाहित था। पिता का साया पहले ही उसके सिर से उठ चुका था। सचिन अपनी पढ़ाई पूरी करने के साथ-साथ मजदूरी भी करता था ताकि घर चलाने में मदद मिल सके।


घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए किरतपुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके से ही आरोपी जीजा को हिरासत में ले लिया और उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है। शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय बिजनौर भेज दिया है। घटना के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।


मामले की जानकारी देते हुए क्षेत्राधिकारी नजीबाबाद आकांक्षा गौतम ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपी को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की जा रही है। घटना के हर पहलू की जांच की जा रही है और जल्द ही इस पूरे मामले का विधिक खुलासा किया जाएगा।

counter
अभी तक पाठक संख्या