जिला बिजनौर के नहटौर नगर मे स्थित धार्मिक स्थलों के सुंदरीकरण और नागरिक सुविधाओं को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पदाधिकारियों ने कमर कस ली है। आज भाजपा के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने नगर पालिका अधिशासी अधिकारी ओम गिरी से मुलाकात कर एक महत्वपूर्ण मांग पत्र सौंपा। इस मुलाकात का मुख्य एजेंडा नगर के प्रसिद्ध 'हाथी वाला मंदिर' को शासन के सरकारी अभिलेखों में दर्ज कराकर इसके कायाकल्प के लिए रिपोर्ट भेजना रहा।
प्रतिनिधिमंडल ने अधिशासी अधिकारी से विस्तार से बात करते हुए कहा कि शासन की नई गाइडलाइन के अनुसार 'श्री हाथी वाला मंदिर जी' को सरकारी अभिलेखों में दर्ज किया जाना बेहद आवश्यक है। ऐसा होने और इस ऐतिहासिक मंदिर को शासन की महत्वाकांक्षी 'वंदन योजना' (धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों के विकास की योजना) में शामिल करने का मार्ग प्रशस्त हो जाएगा। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि 'श्री हाथी वाला मंदिर जी' में धर्मशाला के अतिरिक्त मंदिर परिसर के सुंदरीकरण और पुनरुद्धार के लिए लगभग 2 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का खाका तैयार है। यह बजट धर्मशाला से पूरी तरह अलग है, जिसके लिए संगठन और जनप्रतिनिधि लगातार शासन स्तर पर प्रयासरत हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बैठक के दौरान ही क्षेत्रीय भाजपा विधायक ओमकुमार से दूरभाष पर तुरंत संपर्क साधा गया। विधायक ने मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित लेखपाल को नई गाइडलाइन के अनुरूप इस जमीन व मंदिर को दर्ज करने की प्रक्रिया पर फिर से कार्य शुरू करने के कड़े निर्देश दिए। तय हुआ है कि सभी तकनीकी और कागजी कार्य पूरे कर जल्द ही फिर से सुंदरीकरण की विस्तृत रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी।
धार्मिक स्थल के जीर्णोद्धार के साथ-साथ भाजपा पदाधिकारियों ने नगर की बुनियादी जनसमस्याओं को लेकर भी अधिशासी अधिकारी को घेरा। प्रतिनिधिमंडल ने साफ शब्दों में कहा कि गर्मी और आगामी त्योहारों के मद्देनजर नगर के हर वार्ड और मुख्य मार्गों पर नियमित और विशेष सफाई अभियान चलाया जाए। क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत कराई जाए। नगर के प्रमुख चौराहों और अंधेरे वाले क्षेत्रों में नई स्ट्रीट लाइटें लगवाई जाएं व खराब लाइटों को तुरंत बदला जाए।
अधिशासी अधिकारी ओम गिरी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि वे शासन की नई गाइडलाइन के अनुसार मंदिर से संबंधित सभी औपचारिकताएं पूर्ण कराकर रिपोर्ट जल्द प्रेषित करेंगे और नगर की नागरिक सुविधाओं में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रतिनिधिमंडल में विशेष रूप से भाजपा मंडलाध्यक्ष वैभव गोयल, मंडल उपाध्यक्ष कपिल शर्मा, मंडल कोषाध्यक्ष राहुल चौधरी, ,मंडल उपाध्यक्ष व नामित सभासद राजेश सैनी आदि शामिल रहे।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

