नहटौर/जिला बिजनौर - हरिद्वार से मुंडन कराकर लौट रहे परिवार की ईको कार ट्रक से टकराई, महिला की मौत 13 घायल, मचा हड़कंप - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


बुधवार, जून 17, 2026

नहटौर/जिला बिजनौर - हरिद्वार से मुंडन कराकर लौट रहे परिवार की ईको कार ट्रक से टकराई, महिला की मौत 13 घायल, मचा हड़कंप

newsindia17.com/bijnor-nahtaur-road-accident-haridwar-eco-car-truck-collision-one-dead

आज बुधवार की दोपहर नहटौर थाना क्षेत्र मे हुए भीषण सड़क हादसे मे एक महिला की मौत हो गयी जबकि 13 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस व स्थानीय निवासियो ने घायलो को उपचार हेतु अस्पताल पहुँचाया। यहाँ प्राथमिक उपचार के बाद 4 घायलो को गंभीर हालत मे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। दूसरी ओर दुर्घटना के बाद चालक ट्रक को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे मे लेने के साथ ही अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला बदायूँ के गाँव गौतरा निवासी योगेन्द्र प्रताप सिंह अपनी पुत्री अर्शीता का मुंडन संस्कार कराने के लिए अपने ससुराल पक्ष के लोगों के साथ हरिद्वार गए थे। मुंडन की रस्में पूरी होने के बाद पूरा परिवार बेहद खुश था और मारुति ईको वैन में सवार होकर वापस लौट रहा था। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। दोपहर करीब डेढ़ बजे नहटौर-नूरपुर मार्ग पर स्थित गांव बालापुर के समीप पहुंचने पर उनकी कार को सामने से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। ट्रक की जोरदार टक्कर लगते ही वैन के अंदर बैठे बच्चों और महिलाओं में चीख-पुकार मच गई।


अनियंत्रित हुए ट्रक की यह टक्कर इतनी जोरदार थी कि ईको वैन के परखच्चे उड़ गए। इस दर्दनाक हादसे में वैन सवार एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बच्चों समेत 13 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही नहटौर थाना पुलिस और स्थानीय निवासी तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस व स्थानीय निवासियो ने वैन में फंसे घायलों को बाहर निकाला और एम्बुलेंस के द्वारा सीएचसी नहटौर भेजा। जहाँ डॉक्टरों ने जांच के बाद रश्मि आयु 30 वर्ष पत्नी सूरज चौहान को मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल हुए 13 लोगों का इलाज चल रहा है, जिनमें से 4 गंभीर रूप से घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घायलों में मासूम बच्चे भी शामिल हैं।


इस भीषण सड़क हादसे मे घायल होने वालो मे अजय चौहान, पुत्र दिनेशपाल आयु  35 वर्ष, वैन चालक अजीत आयु 30 वर्ष पुत्र पूरन सिंह, सूरज आयु 30 वर्ष, पुत्र दिनेश पाल, रिंकी आयु 32 वर्ष पत्नी अजय चौहान, अन्नू आयु 38 वर्ष, पुत्र ओमपाल सिंह, काजल आयु 26 वर्ष पुत्री दिनेश पाल, सुनीता आयु 55 वर्ष पत्नी दिनेश पाल के साथ ही अंशिका आयु 7 वर्ष, आयुष आयु 13 वर्ष, दीपांशी आयु 9 वर्ष, अर्णव आयु 1 वर्ष व प्रियांश आयु 2 वर्ष शामिल है।


प्रभारी निरीक्षक नहटौर रविंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि ट्रक की टक्कर लगने के बाद वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। घायल बच्चों और महिलाओं को अस्पताल पहुंचाने को प्राथमिकता दी गई। मृतका के शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के बाद आरोपी ट्रक चालक मौके पर ही वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश के लिए टीमें रवाना कर दी गयी हैं।

web counter free
अभी तक पाठक संख्या