कैलादेवी/जिला संभल - दो बाइकों की आमने-सामने हुई भिड़ंत मे युवक की मौत, महिला-बच्चे समेत सात घायल, चार की हालत गंभीर - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


शुक्रवार, जून 26, 2026

कैलादेवी/जिला संभल - दो बाइकों की आमने-सामने हुई भिड़ंत मे युवक की मौत, महिला-बच्चे समेत सात घायल, चार की हालत गंभीर

https://newsindia17.com/sambhal-two-bikes-head-on-collision-one-dead-seven-injured

आज शुक्रवार की सुबह जिला संभल के कैलादेवी थाना क्षेत्र मे हुई दो बाइकों की आमने-सामने भीषण टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक महिला और बच्चे समेत सात लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहाँ गंभीर रूप से घायल चार लोगों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। यहाँ से मेरठ ले जाने के दौरान एक युवक ने रास्ते में दम तोड़ दिया।


प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त हादसा आज सुबह करीब 11 बजे गंवा रोड स्थित गांव शकरपुर आईटीआई के पास हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइकों पर सवार सभी लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए। एक बाइक पर जिला अमरोहा के सैदनगली थाना क्षेत्र के गांव कन्डउवा निवासी अनिल, रजपुरा थाना क्षेत्र के गांव चाऊपुर निवासी पुष्पेंद्र, कैलादेवी थाना क्षेत्र के गांव चाचू नांगल निवासी योगेश तथा एक छोटा बच्चा सवार था। दूसरी बाइक पर अमरोहा के आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव बिजनपुर निवासी निरंजन, छत्रपाल और हेमवती पत्नी ओमप्रकाश सवार थे।


प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने चार घायलों की गंभीर हालत देखते हुए उन्हें रेफर कर दिया। मेरठ ले जाने के दौरान रास्ते में घायल निरंजन की मौत हो गई। परिजन शव को वापस संभल लेकर आए, जिसके बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


थाना प्रभारी सचिन कुमार ने बताया कि हादसे में घायल अन्य लोगों का इलाज जारी है। मृतक निरंजन के पिता की तहरीर के आधार पर अनिल, पुष्पेंद्र और योगेश के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281, 125ए, 125बी और 106(1) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।

web counter free
अभी तक पाठक संख्या