अमरोहा/उत्तर प्रदेश - 8 वर्षीय दलित मासूम से दरिंदगी का आरोपी फरार, आरोपी के घर पर गरजा योगी का बुलडोजर, छावनी में बदला गांव - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


सोमवार, जून 08, 2026

अमरोहा/उत्तर प्रदेश - 8 वर्षीय दलित मासूम से दरिंदगी का आरोपी फरार, आरोपी के घर पर गरजा योगी का बुलडोजर, छावनी में बदला गांव

https://www.newsindia17.com/amroha-up-8-year-old-dalit-girl-case-yogi-bulldozer-action-on-accused-house

उत्तर प्रदेश के जिला अमरोहा से बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली एक वारदात सामने आई है। यहाँ  एक युवक ने 8 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म  जैसी जघन्य घटना को अंजाम दिया। इस घटना के बाद से क्षेत्र मे तनाव की स्थिति बनी हुई है। दूसरी ओर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की 'जीरो टॉलरेंस' नीति के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस प्रशासन ने फरार आरोपी के घर को देर रात दो बुलडोजर चलाकर जमींदोज कर दिया।


प्राप्त जानकारी के अनुसार जनपद के रहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गाँव के बाहरी छोर पर दलित मजदूर का परिवार रहता है। मजदूर की 8 वर्षीय बेटी गांव के ही एक स्कूल में कक्षा दो की छात्रा है। आज सोमवार की दोपहर करीब 2:00 बजे, पड़ोस में रहने वाला 18 वर्षीय दूसरे संप्रदाय का युवक घर के बाहर खेल रही बच्ची को बहला-फुसलाकर अपनी भैंसा-बुग्गी पर बैठाकर जंगल तरफ ले गया। जहाँ युवक ने मासूम बच्ची के साथ जबरन दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। हैवानियत का शिकार हुई बच्ची किसी तरह रोते-बिलखते अपने घर पहुंची और परिजनों को आपबीती सुनाई। बच्ची की हालत और उसकी आपबीती सुनकर माता-पिता के पैरों तले जमीन खिसक गई। बदहवास परिजन तुरंत पीड़िता को लेकर रहरा थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर तहरीर दी।


मामला दो अलग-अलग समुदायों और अनुसूचित जाति से जुड़ा होने के कारण इलाके में तनाव फैल गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमरोहा लखन सिंह यादव भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और बारीकी से निरीक्षण किया। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल और पीएसी तैनात कर दी गई है। पुलिस ने तत्काल प्रभाव से आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। दूसरी ओर मासूम बच्ची को गंभीर हालत में तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। फिलहाल बच्ची की हालत स्थिर बताई जा रही है।


इस जघन्य वारदात को अंजाम देने के वाला आरोपी युवक फ़िलहाल घर से फरार है। पुलिस ने उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद प्रशासन ने कड़ा रुख अख्तियार किया और शाम को ही आरोपी के घर के बाहर 2 बुलडोजर लाकर खड़े कर दिए। काफी खोजबीन के बाद भी आरोपी का कुछ पता न लगने और आत्मसमर्पण भी न करने पर देर रात करीब 9:00 बजे पुलिस और राजस्व विभाग टीम की मौजूदगी में आरोपी के घर पर दो बुलडोजर एक साथ गरजे और उसके अवैध निर्माण को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।


उक्त मामले मे एसपी अमरोहा लखन सिंह यादव ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट और एससी/एसटी एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं, वह जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होगा। अपराधियों के खिलाफ कड़ा संदेश देने के लिए और परिजनों द्वारा आरोपी को छिपाने व सहयोग न करने की स्थिति में नियमानुसार मकान के ध्वस्तीकरण (बुलडोजर) की कार्रवाई अमल में लाई गई है। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी बख्शा नहीं जाएगा।

free counter
अभी तक पाठक संख्या