जिला पीलीभीत के जहानाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम ललौरीखेड़ा में आज शनिवार को उस समय बड़ा हंगामा खड़ा हो गया जब सैकड़ों महिलाओं ने एक शराब की दुकान को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। महिलाओं का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद प्रशासन और आबकारी विभाग द्वारा कोई कार्रवाई न किये जाने पर उन्हें खुद सड़क पर उतरना पड़ा।
ग्रामीणों के अनुसार गांव के मुख्य मार्ग पर स्थित शराब की यह दुकान एक देव स्थल (मंदिर) के समीप संचालित हो रही थी। इस रास्ते से प्रतिदिन गांव की महिलाएं, छात्राएं और स्कूली बच्चे गुजरते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि दुकान के आसपास दिनभर शराबियों का जमावड़ा लगा रहता था, जिससे क्षेत्र का माहौल लगातार खराब हो रहा था। ग्रामीणों का आरोप है कि नशे में धुत लोग रास्ते में खाली शराब की बोतलें, प्लास्टिक के गिलास और अन्य कूड़ा-कचरा फेंक देते थे। कई बार गाली-गलौज और मारपीट की घटनाएं भी सामने आईं, जिससे महिलाओं और बच्चों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता था।
ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर जिलाधिकारी पीलीभीत को लिखित शिकायत भेजी गई थी। शिकायत में दुकान को आबादी और धार्मिक स्थल के पास से हटाने की मांग की गई थी। आरोप है कि शिकायत के बाद भी संबंधित विभागों ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। लगातार अनदेखी से नाराज महिलाओं का सब्र आखिरकार टूट गया। शनिवार को सैकड़ों महिलाएं एकजुट होकर शराब की दुकान पर पहुंचीं और विरोध प्रदर्शन करते हुए दुकान को क्षतिग्रस्त कर दिया। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही जहानाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने लोगों को समझाकर माहौल शांत कराया। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है और संबंधित पक्षों से जानकारी जुटाई जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि शराब की दुकान को स्थायी रूप से नहीं हटाया गया तो उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। उनका दावा है कि गांव की सुरक्षा, महिलाओं की गरिमा और बच्चों के भविष्य को देखते हुए दुकान को वहां से हटाया जाना बेहद जरूरी है।
फिलहाल प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है और मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की बात कह रहा है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

