उसहैत/जिला बदायूँ - कपड़ो को लेकर छोटी बहन के साथ हुए विवाद के बाद बड़ी बहन ने की आत्महत्या, परिजनो मे मचा कोहराम - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


शुक्रवार, जून 19, 2026

उसहैत/जिला बदायूँ - कपड़ो को लेकर छोटी बहन के साथ हुए विवाद के बाद बड़ी बहन ने की आत्महत्या, परिजनो मे मचा कोहराम

newsindia17.com/badaun-ushait-girl-suicide-after-dispute-with-younger-sister-over-clothes

उत्तर प्रदेश के जिला बदायूं से एक दिल दहला देने वाली एक घटना सामने आई है। यहाँ जिला मुख्यालय से करीब 32 किलोमीटर दूर उसहैत थाना क्षेत्र मे कपड़ों को लेकर दो सगी बहनो के बीच हुआ विवाद एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां लील गया। छोटी बहन से कहासुनी के बाद कक्षा 11की एक छात्रा रही बड़ी बहन ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। इस घटना के बाद से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गाँव के गाँव खेड़ा जलालपुर पुख्ता निवासी दिनेश पेशे से किसान हैं और खेती-बाड़ी कर अपने चार बेटियों और दो बेटों का पालन-पोषण करते हैं। उनकी बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है। जिसके बाद दूसरे नंबर की बेटी रागिनी (18 वर्ष) थी। रागिनी ने इसी साल हाईस्कूल की परीक्षा पास की थी और वह 11वीं कक्षा की छात्रा थी। आज शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे रागिनी और उसकी छोटी बहन दुर्गा के बीच कपड़ों को लेकर बहस शुरू हो गई। रागिनी का कहना था कि दुर्गा के पास ज्यादा कपड़े हैं और उसके पास कम कपड़े हैं। देखते ही देखते मामूली सी यह बहस झगड़े में बदल गई। इस दौरान मौके पर मौजूद रहे परिजनो ने समझाबुझाकर दोनों बहनों को समझा-बुझाकर शांत करा दिया था, लेकिन रागिनी इस बात को दिल पर लगा बैठी।


विवाद शांत होने के कुछ ही देर बाद रागिनी चुपचाप अपने कमरे में चली गई और अंदर से कुंडी लगा ली। जिस पर परिजनो ने भी कोई विशेष ध्यान नही दिया मगर उसके काफी देर तक कमरे से बाहर न आने पर परिजनों को किसी अनहोनी की आशंका हुई। उस वक्त पिता दिनेश घर पर मौजूद नहीं थे। आनन-फानन में पड़ोसियों को बुलाया गया और कमरे का दरवाजा तोड़ा गया। दरवाजा खुलते ही अंदर का मंजर देख परिजनो के पैरों तले जमीन खिसक गई। रागिनी का शव कमरे में दुपट्टे के फंदे से लटका हुआ था।


परिजनों और ग्रामीणों ने तुरंत रागिनी को फंदे से नीचे उतारा और गांव के ही एक डॉक्टर को बुलाया। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस आत्मघाती कदम के बाद छोटी बहनों और मां का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता दिनेश ने रुंधे गले से बताया कि वह घटना के समय घर पर नहीं थे, रागिनी बस इतनी सी बात को मन पर लेकर बैठ जाएगी, इसका अंदाजा किसी को नहीं था।


घटना की सूचना मिलते ही उसहैत थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमॉर्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा। थानाध्यक्ष उसहैत देवेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों बहनों के बीच कपड़ों को लेकर मामूली विवाद हुआ था, जिसके बाद बड़ी बहन ने यह आत्मघाती कदम उठाया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। परिवार की तरफ से कोई तहरीर नहीं दी गई है। पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिजनों ने गमगीन माहौल में रागिनी का अंतिम संस्कार कर दिया है।

counter
अभी तक पाठक संख्या