रामपुर/उत्तर प्रदेश - शादी टूटने पर बौखलाये युवक ने वायरल की युवती की तस्वीरे, किया दुष्कर्म, पीड़िता ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


शुक्रवार, जून 19, 2026

रामपुर/उत्तर प्रदेश - शादी टूटने पर बौखलाये युवक ने वायरल की युवती की तस्वीरे, किया दुष्कर्म, पीड़िता ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार

newsindia17.com/rampur-youth-leaks-girl-photos-after-broken-marriage-victim-demands-justice-from-sp

जिला रामपुर के स्वार थाना क्षेत्र से एक बेहद गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक युवती ने पड़ोसी गांव के युवक पर जबरन दुष्कर्म करने, तस्वीरें दिखाकर ब्लैकमेल करने और इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाकर उसकी निजी तस्वीरें वायरल करने का संगीन आरोप लगाया है। स्थानीय पुलिस द्वारा कार्रवाई न किए जाने पर पीड़िता ने परिजनों के साथ पुलिस अधीक्षक दफ्तर पहुंचकर प्रार्थना पत्र दिया है और न्याय की गुहार लगाई है।


पीड़िता द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार कुछ समय पहले एक शादी समारोह के दौरान पड़ोसी गांव के निवासी युवक ने उसकी कुछ तस्वीरें खींच ली थीं। इसके बाद आरोपी ने कहीं से युवती का मोबाइल नंबर हासिल कर लिया। नंबर मिलने के बाद आरोपी युवक उन तस्वीरों को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देते हुए युवती पर शादी करने का दबाव बनाने लगा। आरोप है कि युवती द्वारा इंकार किये जाने पर युवक ने उसे ब्लेकमेल करना शुरू कर दिया। पीड़िता का आरोप है कि बीती 2 जून 2026 को आरोपी उसके घर पहुंचा। उसने युवती को झांसे में लेते हुए कहा कि वह उसकी सारी तस्वीरें हमेशा के लिए डिलीट करने आया है। इसी दौरान आरोपी ने युवती के साथ जबरन शारीरिक संबंध भी बनाये और इस बारे मे किसी को कुछ बताने पर समाज मे बदनाम करने की धमकी देते हुए चला गया।


पीड़िता ने बताया कि हाल ही में उसकी शादी कहीं और तय होने की जानकारी मिलने पर आरोपी आगबबूला हो गया। उसने बदला लेने की नीयत से इंस्टाग्राम पर एक फर्जी आईडी बनाई और युवती की तस्वीरें उस पर पोस्ट कर वायरल कर दीं। यही नहीं गत बीती 10 जून को आरोपी ने तस्वीरें हटाने के नाम पर युवती को एक सुनसान स्थान पर बुलाया। आरोप है कि वहां भी आरोपी ने डरा-धमकाकर उसके साथ दोबारा जबरन दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।


पीड़िता का कहना है कि इस घटना के बाद वह बेहद मानसिक तनाव में आ गई और अपने परिजनों के साथ स्वार थाना पहुंची। आरोप है कि थाना स्तर पर उसकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया गया और पीड़िता के परिवार के साथ अभद्र व्यवहार किया गया। 11 जून को दोबारा प्रार्थना पत्र देने के बाद भी कोई मुकदमा दर्ज न होने पर उसे मजबूरन पुलिस अधीक्षक की शरण लेनी पड़ी। पीड़िता ने एसपी से तत्काल एफआईआर दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की है।


वहीं दूसरी ओर इस मामले में आरोपी युवक का एक अलग ही दावा सामने आया है। आरोपी जो वर्तमान में बेंगलुरु में एक सैलून में काम करता है, उसका कहना है कि वह और युवती पिछले छह साल से एक-दूसरे के साथ प्रेम प्रसंग में थे। पीड़िता की शादी पहले मेरे साथ ही तय हुई थी, लेकिन बाद में उसके परिवार ने उसका रिश्ता मेरे सगे भाई के साथ तय कर दिया। इसी बात से नाराज होकर मैंने यह कदम उठाया है।


इस पूरे मामले के तूल पकड़ने के बाद स्वार थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों पक्षों की बातें और शिकायतें सामने आई हैं। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य और साक्ष्य सामने आएंगे, उसके आधार पर नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

conter12
अभी तक पाठक संख्या