रहरा/जिला अमरोहा - खौफनाक रूप मे हुआ 40 वर्ष पुराने वैवाहिक जीवन का अंत, पति ने बुजुर्ग पत्नी को कुल्हाड़ी से काटकर उतारा मौत के घाट - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


रविवार, जून 28, 2026

रहरा/जिला अमरोहा - खौफनाक रूप मे हुआ 40 वर्ष पुराने वैवाहिक जीवन का अंत, पति ने बुजुर्ग पत्नी को कुल्हाड़ी से काटकर उतारा मौत के घाट

newsindia17.com/rahra-amroha-40-saal-purane-vaivahik-jeevan-ka-khaufnak-ant-pati-ne-buzurg-patni-ki-kulhadi-se-hatya

उत्तर प्रदेश के जिला अमरोहा से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ एक बुजुर्ग दंपत्ति का 40 वर्ष पुराना वैवाहिक रिश्ता खून की होली के साथ खत्म हो गया। जनपद के रहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव में एक वृद्ध पति ने आपसी विवाद के चलते अपनी 60 वर्षीय पत्नी के सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। वारदात के बाद अस्पताल में डॉक्टरों द्वारा महिला को मृत घोषित किए जाने पर बेटों ने घर का मामला बताकर पुलिस को पोस्टमार्टम करने से रोक दिया। इसे लेकर अस्पताल परिसर में करीब एक घंटे तक हाईवोल्टेज ड्रामा और तीखी बहस चलती रही।


प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गाँव पौरारा निवासी रामफल आयु 65 वर्ष और उसकी पत्नी उर्मिला आयु 60 वर्ष के बीच पिछले काफी समय से विवाद चल रहा था। इस वृद्ध दंपति के तीन बेटे और चार बेटियां हैं। चारों बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि तीनों बेटे विवेक, नन्हे और धनदेव अभी अविवाहित हैं और घर पर ही रहते हैं।


पति -पत्नी के बीच चल रहे विवाद ने कल शनिवार की देर रात उग्र रूप ले लिया। इस दौरान जब उर्मिला घर के आंगन में चारपाई पर लेटी हुई थी सनकी पति रामफल ने पास रखी कुल्हाड़ी उठाकर उसके सिर पर जोरदार वार कर दिया। कुल्हाड़ी के वार से उर्मिला लहूलुहान होकर तड़पने लगी। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे बेटे आनन-फानन में मां को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रहरा लेकर भागे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। यहाँ डॉक्टरों उर्मिला को मृत घोषित कर दिया। इसी बीच मौका पाकर आरोपी पति रामफल मौके से फरार हो गया।


मां की मौत के बाद बेटों ने देर रात करीब 1 बजे अपने ननिहाल (बदायूं जिले के सहसवान थाना क्षेत्र का ग्राम मचौना की मढ़ैया) में सूचना दी। खबर मिलते ही मृतका के भाई महावीर फौरन मौके पर पहुंचे और उन्होंने स्थानीय पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही रहरा थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने लगी। इस पर मृतका के बेटों ने पुलिस का रास्ता रोक लिया। बेटों का कहना था कि यह हमारे घर का आपसी मामला है, इसमें पुलिस दखल न दे। हमें बिना पोस्टमार्टम के ही शव सौंप दिया जाए।


इस को लेकर मृतका के बेटों व पुलिसकर्मियों के बीच देर तक तीखी नोकझोंक हुई। पुलिस लगातार परिजनों को कानून का हवाला देकर समझाती रही। इस दौरान हुई खींचातानी मे पुलिस के एक सिपाही की वर्दी भी फट गयी। करीब 1 घंटे तक चले इस हंगामे और मान-मनौव्वल के बाद पुलिस ने आखिरकार शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। इस मामले मे मृतका उर्मिला के भाई महावीर ने रहरा थाने में तहरीर देकर अपने जीजा रामफल के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। महावीर ने बताया कि उनकी बहन की शादी 40 साल पहले रामफल के साथ हुई थी, लेकिन रामफल अक्सर उनके साथ विवाद करता रहता था, जिसका अंत इस खौफनाक रूप में हुआ।


एसएसआई रहरा संदीप पवार ने बताया कि उर्मिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतका के भाई महावीर की तहरीर के आधार पर आरोपी पति रामफल के खिलाफ हत्या की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी रामफल को गिरफ्तार करने के साथ ही घटना मे प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गयी है।

free counter
अभी तक पाठक संख्या