स्योहारा/जिला बिजनौर - उपचार के दौरान हुई ढाई वर्षीय मासूम की मौत पर आक्रोशित परिजनो ने किया हंगामा, लगाए गंभीर आरोप - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


शुक्रवार, जून 19, 2026

स्योहारा/जिला बिजनौर - उपचार के दौरान हुई ढाई वर्षीय मासूम की मौत पर आक्रोशित परिजनो ने किया हंगामा, लगाए गंभीर आरोप

newsindia17.com/bijnor-syohara-child-death-during-treatment-family-protest-at-clinic

जिला बिजनौर के स्योहारा थाना क्षेत्र से बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहाँ एक निजी क्लीनिक में इलाज के दौरान हुई ढाई वर्षीय बच्चे की मौत के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। परिजनो ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल में हंगामा किया और शव को पोस्टमार्टम हेतु ले जा रही एम्बुलेंस को भी रास्ते में रोककर जोरदार प्रदर्शन किया। हालात इतने बिगड़ गए कि पुलिस को वैकल्पिक मार्ग  से शव को भेजना पड़ा।


प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला मुरादाबाद के भोजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गाँव गनीमतनगर निवासी सोनम पत्नी अलीहसन इन दिनों अपने मायके स्योहारा थाना क्षेत्र के ग्राम सदाफल आई हुई थीं। सोनम के ढाई वर्षीय बेटे अर्श की तबीयत खराब होने पर परिजनो ने उसे उपचार हेतु ठाकुरद्वारा रोड स्थित एक निजी क्लीनिक मे भर्ती कराया गया। परिजनो का आरोप है कि क्लीनिक में गलत इलाज देने या लापरवाही के कारण बच्चे की स्थिति लगातार बिगड़ती चली गई। देर रात बच्चे की हालत अत्यंत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ते हुए उसे किसी अन्य बड़े अस्पताल ले जाने की सलाह दे दी।


परिजन बच्चे को किसी अन्य अस्पताल ले जा पाते उसे पहले ही मासूम की मौत हो गयी। बच्चे की मौत की खबर मिलते ही स्थानीय लोगों और रिश्तेदारों की भारी भीड़ क्लीनिक पर जमा हो गई और उन्होंने डॉक्टरों के खिलाफ जमकर नारेबाजी और हंगामा शुरू कर दिया।


घटना की सूचना मिलते ही स्योहारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर स्थिति को संभाला। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे एम्बुलेंस के जरिए पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजने की प्रक्रिया शुरू की। शव को लेकर जा रही एम्बुलेंस के नूरपुर फाटक पहुंचने पर परिजनों और ग्रामीणों ने एम्बुलेंस के आगे खड़े होकर उसे रोक लिया और सड़क पर ही विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस विरोध प्रदर्शन के चलते मौके पर काफी देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा। इसके बाद पुलिस ने सूझबूझ दिखाई और परिजनों को समझाने के साथ-साथ तनाव बढ़ता देख एम्बुलेंस को दूसरे वैकल्पिक मार्ग से भेजा।


इस पूरे मामले पर स्योहारा थाना प्रभारी संजय कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि मासूम बच्चे की मौत के बाद परिजनों ने हंगामा किया था, जिन्हें समझाकर शांत करा दिया गया है। इस मामले में अभी तक कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलते ही मामले की जांच कर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बच्चे की मौत के असली कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगा। 

counter
अभी तक पाठक संख्या