सम्भल/उत्तर प्रदेश - विदेश भेजने के नाम पर लाखो की ठगी, फर्जी वीजा और टिकट देकर दो युवकों को बनाया शिकार, मुकदमा दर्ज - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


सोमवार, जून 29, 2026

सम्भल/उत्तर प्रदेश - विदेश भेजने के नाम पर लाखो की ठगी, फर्जी वीजा और टिकट देकर दो युवकों को बनाया शिकार, मुकदमा दर्ज

newsindia17.com/sambhal-videsh-bhejane-ke-naam-par-lakhon-ki-thagi-farzi-visa-ticket-dekar-do-yuvakon-ko-banaya-shikar-mukadma-darj

उत्तर प्रदेश के जिला सम्भल से विदेश मे नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। नखासा थाना पुलिस ने पीड़ित युवक द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया गया कि आरोपियो ने युवक को रूस भेजने के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर दे दिए और मोटी रकम वसूल ली।


नखासा थाना क्षेत्र के तुर्तीपुर इल्हा निवासी अरबाज पुत्र इसरार ने पुलिस को दी गयी तहरीर में बताया कि किसी काम से दिल्ली जाने के दौरान उसकी मुलाकात रामपुर निवासी हाशिम बैग से हुई थी। हाशिम ने उसे रूस की राजधानी मॉस्को में सिलाई का काम दिलाने का भरोसा दिया। इसी दौरान उसने अरबाज को अपने सहयोगी तारिक खान से भी मिलवाया जो दिल्ली स्थित एक ट्रैवल एजेंसी से जुड़ा बताया गया था। पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने उसे और उसके साथी उबैद को मॉस्को में 80 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन की नौकरी और तीन वर्ष का वीजा दिलाने का दावा किया। इसके एवज में वीजा, फ्लाइट टिकट और अन्य औपचारिकताओं के नाम पर प्रति व्यक्ति 1.10 लाख रुपये मांगे गए। दोनों युवकों ने पहले 60-60 हजार रुपये बैंक खाते में भेजे, जबकि शेष 70 हजार रुपये नकद दिए। नकद भुगतान का वीडियो भी पीड़ित के पास मौजूद है, जिसे उसने पुलिस को सौंप दिया है।


अरबाज का आरोप है कि कुछ समय बाद आरोपियों ने व्हाट्सएप के माध्यम से कथित वीजा, ऑफर लेटर और फ्लाइट टिकट भेज दिए। लेकिन यात्रा से ठीक एक दिन पहले दस्तावेजों में कमी का बहाना बनाकर उनकी उड़ान रद्द कर दी गई। इसके बाद दोनों आरोपियों ने फोन उठाना बंद कर दिया और संपर्क पूरी तरह खत्म कर दिया। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि उसके और उसके साथी के पासपोर्ट भी आरोपियों के कब्जे में हैं, जिन्हें अब तक वापस नहीं किया गया है। उसका कहना है कि यह एक संगठित गिरोह है, जो फर्जी दस्तावेज तैयार कर लोगों को विदेश भेजने का झांसा देकर ठगी करता है।


अरबाज की शिकायत के आधार पर नखासा पुलिस ने हाशिम बैग निवासी फरजद नगर कऊआ टोला, सिरोली (रामपुर) तथा तारिक खान, मैनेजिंग डायरेक्टर अर्श ट्रैवल, जामिया नगर (नई दिल्ली) के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।


थाना प्रभारी नखासा संजय कुमार ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। मामले की गहन जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

web counter free
 अभी तक पाठक संख्या