आज मंगलवार की दोपहर बहेड़ी थाना क्षेत्र निवासी एक महिला द्वारा एसएसपी कार्यालय के बाहर आत्मदाह का प्रयास किये जाने के बाद हड़कंप मच गया। महिला द्वारा अचानक ही खुद पर डीजल छिड़कने की हरकत से वहां मौजूद पुलिसकर्मियों के हाथ-पांव फूल गए। इससे पहले की महिला खुद को आग लगा पाती मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे हिरासत मे ले लिया और एक बड़ी अनहोनी टल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बहेड़ी थाना क्षेत्र निवासी मीना नाम की महिला आज दोपहर करीब एक बजे हाथ में डीजल भरी बोतल और कुछ कागजात लेकर एसएसपी कार्यालय पहुंची थी। यहाँ मौके पर मौजूद रहे पुलिसकर्मी कुछ समझ पाते उससे पहले ही महिला ने खुद पर डीजल छिड़क लिया और माचिस निकालने की कोशिश की। महिला को ऐसा करते देख मौके पर मौजूद रहे पुलिसकर्मियों ने फुर्ती दिखाते हुए महिला के हाथ से माचिस छीन ली और उसे सुरक्षित हिरासत में ले लिया।
बताया गया कि होली पर डीजे बजाने को लेकर हुए विवाद मे कुछ दबंगो ने महिला व उसके बेटे पर जानलेवा हमला किया था। इस मामले में बहेड़ी थाने में चार लोगों के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया गया था। पुलिस ने मामले में चार्जशीट भी दाखिल कर दी है, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गयी है। महिला का कहना है कि पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई ने किये जाने के कारण आरोपी खुले घूम रहे हैं। न्याय न मिलने से हताश हुई महिला का कहना है कि वह पिछले काफी समय से थाने और अधिकारियों के दफ्तरों के चक्कर काट रही है मगर उसे केवल आश्वासन ही मिल रहे है।
इस घटना के बाद महिला को हिरासत मे लेकर एसपी साऊथ अंशिका वर्मा के कार्यालय ले जाया गया। जहाँ महिला की जाँच कराई गयी। महिला थाना पुलिस ने महिला को अपनी अभिरक्षा में लिया और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई।
इस मामले मे पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला के आरोपों की गहनता से जांच की जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुसार आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

