जिला बिजनौर के नहटौर थाना क्षेत्र से मानवता का शर्मसार करने वाला एक मामला प्रकाश मे आया है। यहाँ गाली गलौज का विरोध करने पर युवक ने घर के बाहर बैठे एक 70 वर्षीय बुजुर्ग पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले मे गंभीर रूप से घायल हुए बुजुर्ग को उपचार हेतु स्थानीय सीएचसी मे भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही सक्रिय हुई पुलिस ने मामले की जाँच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर के मौहल्ला जोशियान निवासी महेंद्र जोशी आयु 70 वर्ष अपने घर के बाहर बैठे हुए थे। इसी दौरान मौहल्ला निवासी एक युवक वहाँ आया और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली गलौज शुरू कर दी। बुजुर्ग महेंद्र जोशी ने गाली गलौज कर रहे युवक को टोका और शालीनता से पेश आने को कहा। इस पर आरोपी भड़क उठा और बुजुर्ग के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस मारपीट के दौरान आरोपी ने पास ही पड़ी एक ईंट उठाकर बुजुर्ग के सिर पर वार कर दिया। सिर पर हुए ईंट के जोरदार प्रहार को महेंद्र जोशी सह नही सके और लहूलुहान होकर गिर गए।
दूसरी ओर घटना को अंजाम देकर आरोपी युवक मौके से फरार हो गया।घटना की सूचना मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में घायल बुजुर्ग को उपचार के लिए नहटौर सीएचसी ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। साक्ष्य जुटाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

