चंदौसी/जिला सम्भल - व्यापार मंडल ने चलाया चाइनीज माँझे के खिलाफ अभियान, व्यापारियो से की बिक्री व खरीद बंद करने की अपील - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


मंगलवार, जुलाई 14, 2026

चंदौसी/जिला सम्भल - व्यापार मंडल ने चलाया चाइनीज माँझे के खिलाफ अभियान, व्यापारियो से की बिक्री व खरीद बंद करने की अपील

newsindia17.com/chandausi-vyapar-mandal-chinese-manjha-ke-khilaf-abhiyan-vikri-kharid-band-ki-apil

आगामी त्योहारों और पतंगबाजी के मौसम को देखते हुए अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल चंदौसी की युवा इकाई ने नगर में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे के खिलाफ जागरूकता अभियान की शुरुआत की है। संगठन के पदाधिकारियों ने व्यापारियों और आम नागरिकों से चाइनीज मांझे की खरीद-बिक्री पूरी तरह बंद करने और सुरक्षित विकल्प अपनाने की अपील की। नगर अध्यक्ष अनुज वार्ष्णेय 'अन्नू' के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने बाजारों में पहुंचकर दुकानदारों और पतंग विक्रेताओं को चाइनीज मांझे से होने वाले खतरों के बारे में जानकारी दी।


नगर अध्यक्ष अनुज वार्ष्णेय ने कहा कि प्लास्टिक और रासायनिक पदार्थों से तैयार किया जाने वाला चाइनीज मांझा इंसानों के साथ-साथ पक्षियों के लिए भी बेहद घातक साबित हो रहा है। इसके कारण हर वर्ष कई लोग गंभीर रूप से घायल होते हैं, जबकि बड़ी संख्या में पक्षी भी इसकी चपेट में आकर अपनी जान गंवा देते हैं।


उन्होंने कहा कि थोड़े से आर्थिक लाभ के लिए लोगों की जान को जोखिम में डालना किसी भी स्थिति में उचित नहीं कहा जा सकता। व्यापार मंडल ने सभी दुकानदारों से प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री न करने तथा पारंपरिक और सुरक्षित स्वदेशी सूती धागे (सद्दी) को बढ़ावा देने का आह्वान किया। संगठन के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि कोई दुकानदार चोरी-छिपे चाइनीज मांझे की बिक्री करते हुए पाया जाता है तो प्रशासन से उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जाएगी।


जिला महामंत्री प्रभात कृष्णा ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने बच्चों को चाइनीज मांझे का उपयोग करने से रोकें और उन्हें सुरक्षित विकल्पों के प्रति जागरूक करें, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।


अभियान के दौरान लकी वार्ष्णेय, रमाकांत शर्मा, निशांत शर्मा, अतुल कश्यप, गोविंद वार्ष्णेय, तस्लीम खान, बिट्टू माली और मारूफ़ सहित व्यापार मंडल के अनेक पदाधिकारी और व्यापारी मौजूद रहे। सभी ने सामूहिक रूप से चाइनीज मांझे का बहिष्कार करने और समाज को इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

free counter
अभी तक पाठक संख्या