मेरठ के सदर बाजार थाना क्षेत्र से शादी के नाम पर कथित धोखाधड़ी और दहेज उत्पीड़न का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता के परिजनों ने आरोप लगाया है कि विवाह के कुछ माह बाद ही पति और उसके परिजन दहेज में मिले सोना-चांदी के जेवर, लाखों रुपये की नकदी और अन्य कीमती सामान लेकर घर छोड़कर फरार हो गए। पीड़िता द्वारा इस मामले की शिकायत पुलिस से की गई है। पुलिस मामले की जाँच मे जुटी है।
पीड़िता लायबा ने पुलिस को दी गयी तहरीर मे बताया कि उसका निकाह नवंबर 2025 में सदर बाजार थाना क्षेत्र के गंज बाजार निवासी दानिश के साथ हुआ था। बताया गया कि निकाह के समय उसके परिजनो ने अपनी सामर्थ्य से बढ़कर खर्च किया गया और दहेज में करीब 25 तोले सोना-चांदी, पांच लाख रुपये नकद तथा अन्य घरेलू सामान दिया गया था। इसके बावजूद भी ससुराल पक्ष वाले खुश नही थे और अतिरिक्त दहेज की मांग करते हुए उसे लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। इस सबके चलते लायबा के परिजनो ने करीब 5 लाख रूपये और उसके ससुराल वालो को दिए मगर इसके बाद भी प्रताड़ना का दौर जारी रहा।
इस सबके बीच करीब चार महीने पहले दानिश अपनी लायबा को मायके छोड़ गया था। इसके बाद वह कभी भी लायबा को वापस लेने नही आया और न ही कोई सम्पर्क किया। लायबा व उसके मायके वालो ने कई बार फोन और अन्य माध्यमों से दानिश से संपर्क करने की कोशिश की मगर संतोषजनक जवाब नहीं मिला। कल सोमवार को लायबा के ससुराल पहुंचे मायके वालो ने देखा कि वहाँ ताला लगा हुआ है। आरोप है कि दानिश और उसके परिजन दहेज में मिले जेवर, नकदी और अन्य सामान लेकर घर खाली कर फरार हो चुके थे। इसके बाद परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना देकर कार्रवाई की मांग की।
सदर बाजार थाना पुलिस का कहना है कि मामले में तहरीर प्राप्त हो चुकी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच के दौरान जो भी साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

