![]() |
| मृतक के फाइल फोटो के अतिरिक्त दर्शायी गयी अन्य सामग्री एआई जनरेटेड है। |
रामगंगा नदी में नहाने के दौरान तेज बहाव में बह गए अमरोहा निवासी युवक का शव करीब 30 घंटे बाद एसडीआरएफ टीम ने बरामद कर लिया है। युवक के शव को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। घटना के बाद से मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है।
पाठको को बताना उचित होगा कि अमरोहा के मोहल्ला दरबारे कला निवासी 25 वर्षीय आसिफ अपने छोटे भाई अदनान के साथ मुरादाबाद के मोरा क्षेत्र में लोहे की अलमारी बनाने का काम करता था। आसिफ ने मोरा की मिलक स्थित एक गोदाम में अलमारी निर्माण का ठेका ले रखा था, जहां उसके साथ मुजफ्फरनगर निवासी तसब्बुर खान और फरीद भी कार्य करते थे। बताया जा रहा है कि गांव में ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण पिछले दो दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित थी और कामकाज ठप पड़ा हुआ था। इसी दौरान बुधवार को आसिफ अपने भाई और साथियों के साथ चट्टा पुल के पास रामगंगा नदी में नहाने के लिए पहुंचा।
यहाँ नहाने के दौरान आसिफ अचानक ही नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गया और देखते ही देखते गहरे पानी में बह गया। साथियों द्वारा शोर मचाने पर स्थानीय लोगों और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और एसडीआरएफ की टीम को खोज एवं बचाव अभियान में लगाया गया।
लगातार करीब 30 घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद टीम ने नदी से आसिफ का शव बरामद कर लिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

