जिला रामपुर पुलिस गंज थाना पुलिस ने गत दिनो थाना क्षेत्र मे हुई लाखो की लूट का सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस द्वारा की गयी जाँच में लाखो की नकदी व जेवरात लूट का ये मामला पूरी तरह फर्जी पाया गया। पुलिस द्वारा की गयी जाँच में पता लगा कि शेयर ट्रेडिंग में हुए नुकसान को परिवार से छिपाने के लिए महिला ने खुद ही लूट की कहानी गढ़ी थी और पुलिस को झूठी सूचना देकर गुमराह करने का प्रयास किया। पुलिस द्वारा की गयी पूछताछ मे महिला ने अपना अपराध कबूल करते हुए सब सच उगल दिया।
पाठको को बताना उचित होगा कि उक्त मामले मे गत 15 जुलाई 2026 को थाना गंज मे शिकायत दर्ज कराई गयी थी। बताया गया था कि घर मे घुस आया एक अज्ञात बदमाश महिला पर चाकू से हमला कर एक लाख रुपये की नकदी और लगभग 15 तोले सोने के आभूषण लेकर फरार हो गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और विभिन्न पहलुओं पर जांच शुरू की। जांच के दौरान घटनाक्रम और महिला के बयान में कई विरोधाभास सामने आये। जिसके बाद पुलिस ने महिला से गहन पूछताछ की।
पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर खुलासा हुआ कि महिला ने परिवार को बताये बिना शेयर ट्रेडिंग में बड़ी रकम निवेश की थी। शेयर ट्रेडिंग मे लगातार नुकसान होने के कारण महिला पर आर्थिक दबाव बढ़ता गया। इस नुकसान की पूर्ति के लिए महिला ने अपने आभूषण गिरवी रखकर भी ऋण लिया था। परिवार के सामने यह सच सामने आने की आशंका के चलते उसने कथित लूट की योजना बनाई।
पुलिस जांच में सामने आया कि महिला ने अपने परिचित एक व्यक्ति को बुलाकर अपने हाथ पर हल्की चोट लगवाई, ताकि घटना वास्तविक प्रतीत हो। इसके बाद उसने नकदी और सोने के आभूषण लूटे जाने की झूठी सूचना पुलिस को दे दी। जांच के दौरान यह भी पता चला कि महिला ने शहर स्थित एक गोल्ड लोन शाखा में अलग-अलग समय पर अपने आभूषण गिरवी रखकर लाखों रुपये का ऋण लिया था। पुलिस द्वारा की गयी पूछताछ में महिला ने कथित रूप से पूरा घटनाक्रम स्वीकार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विवेचना अभी जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। इस कथित लूटकांड के खुलासे में प्रभारी निरीक्षक पवन कुमार पांडेय के निर्देशन में निरीक्षक अपराध अजयवीर सिंह, उपनिरीक्षक ब्रह्मा कुमार सहित पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

