बदायूँ/उत्तर प्रदेश - पुलिस ने देर रात हुई मुठभेड़ के बाद 25 हजार के ईनामी डकैत को किया गिरफ्तार, एक सिपाही भी घायल - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


सोमवार, जुलाई 20, 2026

बदायूँ/उत्तर प्रदेश - पुलिस ने देर रात हुई मुठभेड़ के बाद 25 हजार के ईनामी डकैत को किया गिरफ्तार, एक सिपाही भी घायल

newsindia17.com/badaun-police-encounter-25000-rewarded-dacoit-arrested-constable-injured

बदायूं पुलिस ने कल रविवार देर रात हुई मुठभेड़ के बाद 25 हजार के इनामी डकैत को गिरफ्तार किया है।  बिल्सी-इस्लामनगर मार्ग पर हुई इस मुठभेड़ एक सिपाही भी गोली लगने पर घायल हो गया। पुलिस द्वारा की जवाबी कार्रवाई में एक गोली बदमाश के पैर मे जा लगी और घायल होकर गिर गया। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर घायल हुए बदमाश को दबोच लिया। घायल आरोपी और सिपाही दोनों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुदायन भेजा गया है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार बदायूँ पुलिस की एक टीम देर रात बिल्सी-इस्लामनगर रोड पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम ने एक संदिग्ध बाइक सवार को रुकने का इशारा किया। पुलिस टीम को देख बाइक सवार ने मौके से भागने का प्रयास करते हुए फायरिंग शुरू कर दी। बदमाश द्वारा की गयी फायरिंग में एक गोली आरक्षी आस मोहम्मद के दाहिने हाथ में आ लगी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी घायल हो गया और मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।


गिरफ्तार आरोपी की पहचान तस्लीम उर्फ भिखारी उर्फ इमरान उर्फ इरफान, पुत्र पुत्तन, निवासी डभौरा, थाना गढ़िया रंगीन, जनपद शाहजहांपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस, डकैती से संबंधित 11,220 रुपये नकद तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद सामान को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


पुलिस जांच में सामने आया कि 16 मई की रात इस्लामनगर थाना क्षेत्र के सुंदरनगर गांव में एक घर में डकैती की घटना हुई थी। बदमाश घर से लोहे का बक्सा उठा ले गए थे और विरोध करने पर घर की महिला को धमकाकर उसके गले से चेन भी लूट ली थी। इस मामले में दर्ज मुकदमे में तस्लीम फरार चल रहा था। तसलीम की गिरफ्तारी पर  पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।


पुलिस द्वारा की गयी प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने डकैती की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उसने पुलिस को बताया कि वारदात के बाद लूटे गए जेवर और नकदी साथियों में बांट दिए गए थे। उसके हिस्से के जेवर पहले ही बेचे जा चुके हैं, जबकि बरामद नकदी उसी हिस्से की बची हुई रकम है।


पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार तस्लीम के खिलाफ बदायूं, बरेली और शाहजहांपुर के विभिन्न थानों में हत्या, डकैती, लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपी के अन्य साथियों की तलाश में भी जुट गई है।

web counter free
अभी तक पाठक संख्या