जिला अमरोहा के हसनपुर कोतवाली क्षेत्र में एक दलित युवती के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। युवती के पिता ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी का जबरन धर्म परिवर्तन कराया गया है और उसे अपने प्रभाव में रखकर परिवार से दूर किया जा रहा है। युवती के पिता द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर पुलिस ने एक निजी नर्सिंग होम के संचालक समेत 4 नामजद और 2-3 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
युवती के पिता द्वारा पुलिस को दी गयी तहरीर मे बताया गया कि उनकी 24 वर्षीय बेटी एएनएम का कोर्स कर रही थी और हसनपुर स्थित साई जीवन दान नर्सिंग होम में नर्सिंग कार्य भी करती थी। बताया गया कि युवती की शादी भी तय हो चुकी थी। आरोप है कि गत 7 जुलाई को नर्सिंग होम संचालक ने युवती को अस्पताल बुलाया था और फिर वह वापस घर नही आयी।
बेटी के वापस न आने पर पिता उसे तलाशते हुए अस्पताल पहुंचे। उनका आरोप है कि वहां बेटी के बारे में जानकारी लेने पर अस्पताल संचालक की पत्नी ने कहा कि उनकी बेटी अब मुस्लिम धर्म अपना चुकी है और जल्द ही उसका निकाह कराया जाएगा। बेटी से मिलने को कहने पर कथित रूप से वहां मौजूद रहे कुछ लोगों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित पिता का कहना है कि उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर और प्रलोभन देकर अपने प्रभाव में रखा गया है। उन्होंने आशंका जताई कि बेटी के साथ कोई अवैध या अनैतिक गतिविधि की जा सकती है। शिकायत में उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि नर्सिंग होम की आड़ में कुछ लोग संगठित रूप से गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल हैं।
पुलिस ने उक्त मामले मे प्राप्त तहरीर के आधार पर अटटन, शाहनवाज, नाजरीन, जुनैद सहित दो से तीन अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है। प्रभारी निरीक्षक हसनपुर राजेश तिवारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। युवती की तलाश की जा रही है और मामले के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

