उत्तर प्रदेश के जिला बरेली से एक बेहद सनसनीखेज और हाईप्रोफाइल मामला सामने आया है। यहाँ के एक नामी उद्योगपति फहीम अली पर उनके अस्पताल मे सुपरवाइजर के पद पर कार्य कर चुकी एक युवती ने दुष्कर्म करने, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और जबरन धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रेमनगर थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
पुलिस को दी गयी तहरीर मे 27 वर्षीय पीड़िता ने बताया कि वह अप्रैल 2024 से बरेली के कर्मचारी नगर स्थित 'न्यू फय्याज केयर हॉस्पिटल' में सुपरवाइजर के पद पर काम कर रही थी। करीब एक साल नौकरी छोड़ने पर पर अस्पताल के मालिक फहीम अली ने उसे रामपुर के मिलक स्थित अपनी टायर फैक्ट्री में अकाउंटेंट की नौकरी देने का लालच दिया। आरोप है कि इस नई नौकरी का झांसा देकर फहीम अली पीड़िता को रामपुर और बरेली के अलग-अलग स्थानों पर ले गया और उसकी मर्जी के खिलाफ शारीरिक संबंध बनाए।
पीड़िता ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 14 सितंबर 2025 को आरोपी उसे बरेली के डेलापीर स्थित एक होटल में ले गया था। वहाँ उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया गया और छिपकर उसका एक अश्लील वीडियो बना लिया गया। इसके बाद आरोपी ने अश्लील वीडियो के दम पर उसे लगातार ब्लैकमेल करना और उसका शारीरिक शोषण करना शुरू कर दिया। इस मामले ने तब और गंभीर मोड़ ले लिया जब आरोपी ने पीड़िता पर धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाना शुरू किया। पीड़िता का कहना है कि शादी करने और धर्म बदलने से इनकार किये जाने पर फहीम अली ने वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने और उसके पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता का कहना है कि मैं हिंदू हूँ और वह मुस्लिम, इसलिए मैंने शादी से साफ मना कर दिया था। उसने मेरी बेरोजगारी और मजबूरी का फायदा उठाकर मेरी जिंदगी बर्बाद कर दी। मैं नहीं चाहती कि जो मेरे साथ हुआ, वह किसी और लड़की के साथ हो।
जानिए पूरी घटना -
अप्रैल 2024 में युवती ने फहीम अली के 'न्यू फय्याज केयर हॉस्पिटल' में सुपरवाइजर के रूप में काम शुरू किया था। इसके बाद अप्रैल 2025 मे अस्पताल से नौकरी छोड़ने के बाद, फहीम अली ने रामपुर की टायर फैक्ट्री में अकाउंटेंट की नौकरी का झांसा देकर युवती का शोषण शुरू किया। इतना ही नहीं 14 सितम्बर 2025 को आरोपी युवती को डेलापीर स्थित एक होटल मे ले गया और दुष्कर्म कर अश्लील वीडियो बना ली। आरोपी ने इस वीडियो के आधार पर युवती को ब्लेकमैल करना शुरू किया और सितम्बर 2025 से जुलाई 2026 तक उसका शारीरिक शोषण किया। इसी दौरान आरोपी ने युवती पर धर्म परिवर्तन का भी दबाब बनाया और प्रताड़ित किया।
फहीम अली द्वारा किये जा रहे शारीरिक व मानसिक शोषण से तंग आ चुकी पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर गत 4 जुलाई को प्रेमनगर थाने में मामले की शिकायत की। प्रेमनगर थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी फहीम अली को गिरफ्तार किया। आज 6 जुलाई को आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
इस पूरे मामले पर सीओ सिटी आशुतोष शिवम ने बताया कि गत 4 जुलाई को एक महिला द्वारा प्रेमनगर थाने में तहरीर दी गई थी, जिसमें नौकरी का झांसा देकर विभिन्न होटलों और स्थानों पर दुष्कर्म करने, वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और धमकी देने के आरोप लगाए गए थे। पुलिस ने बिना देरी किए मुकदमा दर्ज किया और 5 जुलाई की शाम को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। आज 6 जुलाई को कोर्ट के आदेश पर आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को भले ही सलाखों के पीछे भेज दिया है, लेकिन पीड़िता अभी भी गहरे मानसिक तनाव और डर में है। उसने आशंका जताई है कि आरोपी एक रसूखदार उद्योगपति है और यदि वह जेल से बाहर आता है, तो उसकी और उसके परिवार की जान को खतरा हो सकता है। पीड़िता ने प्रशासन से अपने लिए सख्त सुरक्षा और आरोपी के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस फिलहाल मामले की गहनता से विवेचना कर रही है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

