जिला बिजनौर के नजीबाबाद थाना क्षेत्र से एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म व उसकी 9 वर्षीय मासूम बेटी के साथ यौन हिंसा का सनसनीखेज मामला प्रकाश मे आया है। इस मामले मे पीड़िता द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर पुलिस ने 4 नामजद आरोपियो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जाँच शुरू कर दी है।
पीड़िता द्वारा नजीबाबाद पुलिस को दी गयी तहरीर मे बताया गया कि आरोपियो द्वारा लम्बे समय से उसे प्रताड़ित किया जा रहा है। तहरीर मे आरोप लगाया कि मुर्तजा और उसके साथी बॉबी ने गत 25 जून को नजीबाबाद के होटल रॉयल ब्लू मून मे उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया है। तहरीर मे बताया गया कि इससे पूर्व भी आरोपियो ने गत 3 मई को ग्राम धनसिनी मे उसके साथ दुष्कर्म और उसकी 9 वर्षीय पुत्री के साथ अश्लील हरकते की थी।
तहरीर में बताया गया कि मुख्य आरोपी मुर्तजा, सुहेल और जैद ने उसके साथ तमंचे के बल पर सामूहिक दुष्कर्म कर घटना की अश्लील वीडियो बनाई थी। आरोप है कि मुख्य आरोपी मुर्तजा लगातार उसे जान से मारने की धमकी देता था। आरोपियों ने अश्लील वीडियो वायरल करने का डर दिखाकर न केवल कई बार दुष्कर्म किया, बल्कि पीड़िता से भारी मात्रा में रंगदारी (पैसे) भी वसूली। आरोपियों की धमकियों और खौफ के कारण पीड़िता को अपना घर-बार छोड़कर पलायन करने पर मजबूर होना पड़ा। दरिंदगी झेल रही पीड़िता ने सरकार और प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। उसने प्रशासन से मांग की है कि जिस तरह वह बेघर होकर न्याय की तलाश में भटक रही है, उसी तरह आरोपियों के अवैध निर्माणों और उनके घरों पर बुलडोजर चलाकर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए ताकि अपराधियों में कानून का डर पैदा हो।
नजीबाबाद पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मुर्तजा, जैद, सुहेल और बॉबी के खिलाफ सामूहिक बलात्कार, पॉक्सो एक्ट और ब्लैकमेलिंग जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। जांच में यह भी सामने आया है कि ये आरोपी पहले भी लूट, चोरी और डकैती जैसी गंभीर आपराधिक वारदातों में संलिप्त रहे हैं।
अस्वीकरण: यह समाचार रिपोर्ट उपलब्ध सूचनाओं के आधार पर तैयार की गई है। कानून की प्रक्रिया जारी है और आरोपियों को तब तक निर्दोष माना जाएगा जब तक कि अदालत उन्हें दोषी न करार दे।
| अभी तक पाठक संख्या |
