मेरठ महानगर के लोहियानगर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ दहेज लोभी ससुराल वालो ने मानवता की सारी हदें पार करते हुए एक विवाहिता को तेजाब पिलाकर जान से मारने का प्रयास किया। इस घटना के बाद से पीड़िता की हालत गंभीर बनी हुई है। फ़िलहाल पीड़िता अस्पताल मे उपचाराधीन है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार फतेहउल्लापुर निवासी नाजिम का निकाह लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व मुस्कान नामक युवती से हुआ था। पीड़िता के परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा अतिरिक्त दहेज की मांग करते हुए मुस्कान को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। आरोप है कि कल बुधवार देर रात करीब 12 बजे विवाद बढ़ने पर पति नाजिम ने मुस्कान को जबरन तेजाब (एसिड) पिला दिया। एसिड का प्रभाव होते ही मुस्कान ही हालत बिगड़ने लगी। घटना की सूचना मिलते ही मुस्कान के मायके पक्ष के सदस्य मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और पीड़िता को गंभीर हालत में स्थानीय अस्पताल पहुँचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे मेरठ के गढ़ रोड स्थित एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार महिला की स्थिति अभी नाजुक बनी हुई है।
पीड़िता के मायके वालों ने पति नाजिम और उसके परिजनों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और जान से मारने की कोशिश का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि यदि उन्हें समय पर सूचना न मिलती, तो मुस्कान की जान बचाना असंभव था।
थाना प्रभारी लोहियानगर ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मामले को संज्ञान में लिया है। पीड़िता के परिजनों द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। हम मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |
.png)
