![]() |
| मृतक के वास्तविक चित्र के अतिरिक्त दर्शाया गया घटनास्थल एआई जनरेटेड है। |
आज शुक्रवार की सुबह जिला पीलीभीत के बिलसंडा थाना क्षेत्र निवासी ससुराल गए एक युवक का शव जिला शाहजहाँपुर के पुवायां थाना क्षेत्र मे नहर मे उतराता मिला। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकलवाकर आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिजनो में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला पीलीभीत के बिलसंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत गाँव मीरपुर हर्रायपुर निवासी मोनू आयु 30 वर्ष की शादी करीब 10 वर्ष पूर्व जिला शाहजहाँपुर के सिंधौली थाना क्षेत्र अंतर्गत गाँव सरौरा निवासी मनोजा देवी के साथ हुई थी। वर्तमान मे दंपत्ति के 8 वर्ष 2 माह आयु के दो पुत्र भी है। मोनू गत मंगलवार को अपनी पत्नी और बच्चों के साथ ससुराल गया था। परिजनों ने बताया कि गुरुवार को मोनू को घर वापस लौटना था। इसी दौरान घर का गैस सिलेंडर समाप्त होने पर सास ने उससे नया सिलेंडर लाने को कहा। शाम करीब पांच बजे वह सिलेंडर लेकर घर पहुंचा और बाइक धुलवाने की बात कहकर घर से निकल गया। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। कुछ देर बाद उसका मोबाइल फोन भी बंद हो गया, जिसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी।
आज शुक्रवार सुबह स्थानीय निवासियो ने मोनू का शव पुवायां थाना क्षेत्र के नवाबपुर गंगा नहर मे उतराता देखा। शव मिलने की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नहर बाहर निकलवाया, जिसकी पहचान बाद में मोनू के रूप में हुई। घटनास्थल से कुछ दूरी पर उसकी मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है।
शव मिलने की सूचना पर मृतक के परिजन और उसकी मां मौके पर पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। मृतक की मां ने बताया कि मोनू और उसकी पत्नी के बीच पिछले कुछ समय से मनमुटाव चल रहा था। उन्होंने मामले को संदिग्ध बताते हुए कई सवाल खड़े किए हैं और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
थाना प्रभारी आरके रावत ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों से प्राप्त तहरीर के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

