मुरादाबाद/उत्तर प्रदेश - भरी पंचायत में विवाहिता को तीन तलाक देने का आरोप, पति समेत 5 के खिलाफ मुकदमा दर्ज - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


सोमवार, जुलाई 06, 2026

मुरादाबाद/उत्तर प्रदेश - भरी पंचायत में विवाहिता को तीन तलाक देने का आरोप, पति समेत 5 के खिलाफ मुकदमा दर्ज

newsindia17.com/moradabad-bhari-panchayat-mein-vivahita-ko-teen-talaq-pati-samet-5-ke-khilaf-mukadma-darj
जिला मुरादाबाद के भोजपुर थाना क्षेत्र से एक विवाहिता का दहेज के लिए उत्पीड़न किये जाने व भरी पंचायत मे तीन तलाक दिए जाने का मामला प्रकाश मे आया है। इस मामले मे पीड़िता द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर पुलिस ने पति समेत 5 के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट, जान से मारने की धमकी और तीन तलाक देने के आरोप मे मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की जाँच शुरू कर दी है।

कस्बा भोजपुर के मोहल्ला गौरीशाला निवासी पीड़िता ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसका निकाह करीब तीन वर्ष पहले बिलाल के साथ हुआ था। विवाह के बाद से ही पति बिलाल, देवर सानिव, ससुर तौफीक और सास मोमिना उस पर अतिरिक्त दहेज की मांग करते हुए मायके से नकदी लाने का दबाव बनाने लगे थे। आरोप है कि मांग पूरी न होने पर पति व ससुराल पक्ष के अन्य सदस्य आये दिन उसके साथ गाली गलौज करते हुए मारपीट करते थे।  पीड़िता का कहना है कि लगभग तीन माह पहले आरोपियों ने उसके साथ मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। इसके बाद से वह अपने मायके में रह रही है।

इस विवाद को सुलझाने हेतु गत 4 जुलाई  को गाँव रानी नांगल मे दोनो पक्षों की पंचायत बुलाई गई थी। शिकायत के अनुसार पंचायत के दौरान भी उसके साथ अभद्र व्यवहार किया गया, मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़िता ने आरोप लगाया कि इसी पंचायत में उसके पति बिलाल ने सार्वजनिक रूप से उसे तीन तलाक दे दिया।

मामले को गंभीरता से लेते हुए भोजपुर थाना पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर पति समेत पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की जा रही है और विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है। मामले में अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। 
conter12
अभी तक पाठक संख्या