आज बुधवार की सुबह नगीना थाना क्षेत्र के पुरैनी फतेहपुर कट पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो सेवानिवृत्त बुजुर्गों की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और स्कूटी की आमने-सामने हुई टक्कर मे दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब 11:20 बजे धामपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो पंजीकरण (UP 20 BK 9000) ने पुरैनी फतेहपुर कट पार कर रही स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। तेज रफ्तार कार की जोरदार टक्कर लगने पर स्कूटी के परखच्चे उड़ गए, जबकि स्कॉर्पियो चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई। इस भीषण हादसे में स्कूटी सवार 68 वर्षीय विजयपाल सिंह निवासी साकेत विहार कॉलोनी, धामपुर तथा 67 वर्षीय महावीर सिंह निवासी सराय पुरैनी, थाना नगीना की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। बताया गया है कि विजयपाल सिंह बैंक सेवा से सेवानिवृत्त थे, जबकि महावीर सिंह शिक्षक पद से रिटायर होकर अपने परिवार के साथ जीवन व्यतीत कर रहे थे।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो और स्कूटी को कब्जे में लेते हुए हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
एक ही हादसे में समाज के दो सम्मानित और सेवानिवृत्त नागरिकों की मौत से क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। स्थानीय लोगों ने पुरैनी फतेहपुर कट पर यातायात सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम करने, चेतावनी संकेतक लगाने तथा तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने की मांग प्रशासन से की है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि इस कट पर पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन सुरक्षा उपायों की कमी के चलते हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

