नहटौर/जिला बिजनौर - गांगन नदी मे उतराता मिला लापता हुई 20 वर्षीय युवती का शव, पुलिस मामले की जाँच मे जुटी - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


बुधवार, जुलाई 08, 2026

नहटौर/जिला बिजनौर - गांगन नदी मे उतराता मिला लापता हुई 20 वर्षीय युवती का शव, पुलिस मामले की जाँच मे जुटी

newsindia17.com/nahataur-bijnor-missing-20-year-old-woman-body-found-floating-in-gangan-river-police-investigation

आज बुधवार की शाम नहटौर-नगीना मार्ग पर स्थित गांव तरकौली के समीप गांगन नदी से एक 20 वर्षीय युवती का शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान मोहल्ला नौधा निवासी राहत पुत्री मेहंदी हसन के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवती मानसिक रूप से अस्वस्थ थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।


परिजनों ने बताया कि राहत आज बुधवार दोपहर करीब 3:30 बजे घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। काफी देर तक घर न पहुंचने पर परिवार के लोगों को चिंता हुई। इसके बाद उन्होंने रिश्तेदारों के साथ मिलकर आसपास के इलाकों में उसकी तलाश शुरू की, लेकिन काफी प्रयासों के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका। खोजबीन के दौरान गांव तरकौली के पास गांगन नदी के किनारे पहुंचे परिजनो को वहाँ राहत की चप्पलें पड़ी हुई मिलीं। चप्पलों के मिलने के बाद परिजनों ने आसपास के क्षेत्र में तलाश तेज कर दी। इसी दौरान नदी के पानी में युवती का शव उतराता हुआ दिखाई दिया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल शव को नदी से बाहर निकाला और पुलिस को घटना की सूचना दी।


सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।


प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नहटौर किशन अवतार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवती की मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। यदि जांच के दौरान कोई संदिग्ध तथ्य सामने आते हैं तो उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


राहत की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं स्थानीय लोगों ने भी घटना पर दुख व्यक्त करते हुए पुलिस से निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी हुई है।

free web counter
अभी तक पाठक संख्या