जिला बिजनौर की नहटौर थाना पुलिस व एसटीएफ बरेली की संयुक्त टीम ने फर्जी लर्निंग लाइसेंस बनाने वाले एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी कई वर्षों से अपने घर से ही अवैध तरीके से फर्जी दस्तावेज तैयार कर लोगों को उपलब्ध करा रहा था। आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओ मे मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कल 14 जुलाई 2026 को एसटीएफ की बरेली इकाई ने नहटौर पुलिस को सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के गाँव फुलसन्दा हीरा का निवासी इब्राहिम अंसारी पुत्र जाहिद हुसैन फर्जी ड्राइविंग लाइसेंस बनाने का काम कर रहा है। बताया गया था कि आरोपी इस काम को अपने घर से ही अंजाम दे रहा है। एसटीएफ से प्राप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए नहटौर पुलिस ने आरोपी के घर पर छापामार कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
नहटौर पुलिस द्वारा की गयी इस छापामार कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे से फर्जीवाड़े मे प्रयुक्त होने वाले उपकरण और दस्तावेज बरामद किये है। पुलिस ने मौके से 2 लैपटॉप, 2 कंप्यूटर माउस, 1 एयरटेल वाईफाई राउटर, 1 वीवो स्मार्टफोन, 4 एटीएम कार्ड, 3 चेकबुक के साथ ही 4 कूटरचित (फर्जी) आधार कार्ड बरामद किये है। पुलिस इन उपकरणो की जाँच कर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगो की जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है।
पुलिस ने गिरफ्तार किये गए आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं मे मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। पुलिस द्वारा की गयी जाँच मे आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। आरोपी के खिलाफ नगीना थाने मे वर्ष 2020 मे एक मुकदमा आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज है। इसके साथ ही उसके खिलाफ थाना नहटौर मे भी वर्ष 2024 मे धोखाधड़ी की धाराओ मे एक मुकदमा दर्ज किया गया था।
प्रभारी निरीक्षक नहटौर किशन अवतार सिंह ने बताया कि फर्जी लाइसेंस और दस्तावेज तैयार करने वाला यह नेटवर्क काफी समय से सक्रिय था। पुलिस अब जब्त किए गए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और डिजिटल रिकॉर्ड की जांच कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस गिरोह से और कौन-कौन लोग जुड़े थे तथा कितने लोगों को फर्जी लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस उपलब्ध कराए गए। पुलिस ने आरोपी का चालान कर न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है और अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

