स्वार/जिला रामपुर - एक हजार रूपये न मिलने पर बेटे ने माँ पर किया फावड़े से हमला, कमरे मे बंद होकर बचाई जान, पुलिस जांच मे जुटी - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


बुधवार, जुलाई 15, 2026

स्वार/जिला रामपुर - एक हजार रूपये न मिलने पर बेटे ने माँ पर किया फावड़े से हमला, कमरे मे बंद होकर बचाई जान, पुलिस जांच मे जुटी

newsindia17.com/swar-rampur-son-attacked-mother-with-spade-over-rs-1000-police-investigation

जिला रामपुर के स्वार थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक मामला सामने आया है। यहाँ एक युवक पर एक हजार रुपये न देने पर अपनी ही मां पर फावड़े से हमला करने का आरोप लगा है। पुत्र द्वारा किये जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल हुई बुजुर्ग महिला ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई किये जाने की मांग की है।


स्वार थाना क्षेत्र के गाँव अमीर खां मझरा निवासी पीड़िता परमजीत कौर पत्नी अमृतपाल सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका पुत्र गुरवक्श सिंह उनसे एक हजार रुपये मांग रहा था। उस समय उनके पास नकदी नहीं थी। जिस पर उन्होंने बेटे से बैंक खुलने के बाद रुपये देने की बात कही थी। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर युवक अपना आपा खो बैठा।तहरीर के मुताबिक गुस्से में आए गुरवक्श सिंह ने घर के दालान से फावड़ा उठाया और अपनी मां पर हमला कर दिया। फावड़े का पहला वार महिला की एड़ी पर जबकि दूसरा वार उनके कूल्हे पर किया गया। इस हमले मे महिला गंभीर रूप से घायल हो गयी।


महिला की चीख-पुकार सुनकर उनके पति अमृतपाल सिंह मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव का प्रयास किया। आरोप है कि युवक उनके साथ भी मारपीट पर उतारू हो गया। स्थिति बिगड़ती देख दंपति ने खुद को कमरे में बंद कर किसी तरह अपनी जान बचाई। आरोप है कि आरोपी युवक फावड़े से कमरे का दरवाजा तोड़ने का प्रयास करता रहा और दोनों को जान से मारने की धमकियां देता रहा। घटना के बाद गांव में भी चर्चा का माहौल बना हुआ है।


घायल महिला ने स्वार कोतवाली पहुंचकर अपने बेटे के खिलाफ लिखित तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। मामले में कोतवाल अनुपम शर्मा ने बताया कि शिकायत प्राप्त हो गई है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

web counter free
अभी तक पाठक संख्या