जिला अमरोहा के डिडौली थाना क्षेत्र निवासी महिला ने प्रेम विवाह के डेढ़ वर्ष बाद अपने पति पर दूसरी महिला से शादी की तैयारी का गंभीर आरोप लगाता है। पति की कथित दूसरी शादी की जानकारी मिलने पर विवाहिता ने रविवार शाम डिडौली कोतवाली पहुंचकर पति और सास के खिलाफ तहरीर दी और कार्रवाई की मांग की। विवाहिता के मुताबिक उसका दो माह का बेटा भी है।
पुलिस को दी गई तहरीर में विवाहिता ने बताया कि करीब डेढ़ साल पहले उसने अपनी पसंद से युवक के साथ प्रेम विवाह किया था। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग उसे परेशान करने लगे। इसी दौरान उसे पता चला कि उसका पति आगरा निवासी एक महिला से फोन पर बातचीत करता है। विवाहिता का आरोप है कि बातचीत के दौरान उसके पति ने आगरा निवासी महिला के सामने खुद को अविवाहित बताया था। कुछ समय बाद उक्त महिला ने फोन कर युवक के बारे में जानकारी करनी चाही। फोन विवाहिता ने रिसीव किया और उसने महिला को बताया कि युवक उसका पति है और वह एक बच्चे का पिता भी है।
विवाहिता का आरोप है कि इस बातचीत की जानकारी होने पर पति व सास ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। आरोप है कि इसके बाद उसे घर से भी निकाल दिया गया। विवाहिता का कहना है कि उसका दो माह का बेटा है और वह पति के कथित दूसरे विवाह की तैयारी की बात सामने आने से काफी परेशान है। ससुराल में हुए कथित विवाद और पति की दूसरी शादी की आशंका से परेशान विवाहिता अपने बच्चे के साथ डिडौली कोतवाली पहुंची। उसने पति और सास के खिलाफ तहरीर देकर मामले में जांच कर कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने विवाहिता की शिकायत पर मामले की जांच करने और जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े आरोपों की जांच कर रही है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

