स्योहारा/जिला बिजनौर - शातिर गौकशों के साथ हुई मुठभेड़ के बाद 2 गिरफ्तार, 1 फरार, पुलिस तलाश मे जुटी - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


गुरुवार, सितंबर 03, 2026

स्योहारा/जिला बिजनौर - शातिर गौकशों के साथ हुई मुठभेड़ के बाद 2 गिरफ्तार, 1 फरार, पुलिस तलाश मे जुटी

syohara-bijnor-shatir-gaukashon-se-muthbhed-2-giraftar-1-farar-police-talash-me-juti

जिला बिजनौर की स्योहारा पुलिस ने आज गुरुवार की तड़के हुई मुठभेड़ के बाद गौकशी के मामले मे वाँछित दो आरोपियो को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया गया एक आरोपी पुलिस की गोली लगने पर घायल हो गया जबकि एक अन्य आरोपी अँधेरे का लाभ लेते हुए फरार हो गया। मुठभेड़ मे घायल हुए आरोपी को उपचार हेतु अस्पताल मे भर्ती कराया गया है।


पाठको को बताना उचित होगा कि गत 1 सितम्बर को गांव शाहपुर खेड़ी मे गांगन नदी किनारे गौवंशीय पशुओ के अवशेष मिलने पर स्योहारा पुलिस ने अज्ञात आरोपियो के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस लगातार इस मामले की जाँच मे जुटी थी और आरोपियो को तलाश कर रही थी। इसी दौरान कुछ संदिग्धो के बारे मे जानकारी मिलने पर पुलिस टीम ने आज तड़के जुझेला गांव से जंगल की ओर जाने वाले रास्ते पर घेराबंदी कर ली। इसी दौरान मौके पर आये बाइक सवारो को पुलिस टीम ने रूकने का इशारा किया। पुलिस का दावा है कि बाइक सवारो ने उन पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी और मौके से भागने का प्रयास किया।


पुलिस द्वारा की गयी जबाबी फायरिंग मे एक गोली लगने पर बाइक सवार फिरोज, निवासी गाँव शाहपुर खेड़ी घायल हो गया और मौके पर ही गिर गया। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर घायल हुए फिरोज व उसके एक अन्य साथी विपिन, निवासी गाँव कमाला को भी गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान एक तीसरा आरोपी राजू अँधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने गिरफ्तार किये गए आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे 315 बोर, दो खोखा कारतूस और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा गौकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों में एक चापड़, दो छुरी और दो रस्से भी मिले हैं। पुलिस ने एक प्लैटिना मोटरसाइकिल को भी कब्जे में लिया है।कार्रवाई के दौरान घटनास्थल के पास से एक जीवित गौवंशीय बछड़े को सुरक्षित बचाया गया।


पुलिस द्वारा की गयी शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने गौकशी में शामिल होने की बात स्वीकार की है। मुठभेड़ और अवैध हथियारों की बरामदगी के संबंध में बीएनएस तथा आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी हुई है।

free web counter
अभी तक पाठक संख्या