बिजनौर शहर कोतवाली पुलिस ने नाबालिग को आईफोन और पैसों का लालच देकर घर से सोने-चांदी के जेवर मंगवाने के मामले दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार की गयी महिलाओ के कब्जे से जेवर, एक एप्पल मोबाइल फोन और जेवर बेचकर खरीदी गई स्पेलेंडर प्लस बाइक बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक उक्त मामला नगर की गोविंदपुरम आवास विकास कॉलोनी से जुड़ा है। कॉलोनी निवासी एक महिला ने गत 12 सितंबर को शहर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। महिला द्वारा की गयी इस शिकायत में मोहल्ला मिर्दगान निवासी अफसाना और नाजिया पर उसके नाबालिग बेटे को बहलाने-फुसलाने और सामान दिलाने का लालच देकर घर से जेवर मंगवाने का आरोप लगाया गया था।
पुलिस द्वारा की गयी उक्त मामले की जांच में सामने आया कि नाजिया का बेटा शिकायतकर्ता के नाबालिग बेटे का दोस्त है। इसी वजह से दोनों परिवार के बच्चों का एक-दूसरे के घर आना-जाना था। पुलिस के अनुसार इसी संपर्क का फायदा उठाकर करीब डेढ़ महीने पहले नाबालिग को एप्पल मोबाइल, रुपये और जरूरत का सामान दिलाने का लालच दिया गया था। आरोप है कि महिलाओ द्वारा दिए गए लालच मे फंसा नाबालिग घर में रखे सोने-चांदी के जेवर निकालकर उन्हे दे आया था। पुलिस का कहना है कि अफसाना और नाजिया इन जेवरों को बेचने के लिए मुरादाबाद जा रही थीं। इसी दौरान पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी महिलाओ के पास से कई आभूषण बरामद किए। इनमें दो डिजाइनदार चूड़ियां, एक चूड़ी, अंगूठी, दो नोजपिन, कान की बाली, नेकलेस, मंगलसूत्र, घुंघरूदार पाजेब की एक जोड़ी, कमरबंद, पायल की एक जोड़ी, चार लटकन और तीन लटकन वाला टीका शामिल है। इसके अलावा नाबालिग को देने के लिए खरीदा गया एप्पल मोबाइल फोन भी पुलिस ने बरामद कर लिया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी महिलाओ ने कुछ जेवर पहले ही किसी व्यक्ति को बेच दिए थे। इस बिक्री से मिले पैसों से करीब 15 दिन पहले स्पेलेंडर प्लस बाइक खरीदी गई थी। पुलिस ने इस बाइक को भी बरामद कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बेचे गए जेवर किस व्यक्ति को दिए गए थे और इस मामले में कहीं अन्य लोग भी शामिल तो नहीं हैं।
सीओ सिटी अभय पांडे ने रविवार देर शाम बताया कि शिकायत के आधार पर शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान अफसाना और नाजिया नाम की दो महिलाओ को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से जेवर बरामद किए गए हैं। मामले में बरामदगी और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

