नूरपुर/जिला बिजनौर - पुलिस ने किया महिला की अधजली लाश का सनसनीखेज खुलासा, लिव-इन में रहने का दबाव बनाने पर चचेरे भाई ने उतारा था मौत के घाट - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


शनिवार, सितंबर 26, 2026

नूरपुर/जिला बिजनौर - पुलिस ने किया महिला की अधजली लाश का सनसनीखेज खुलासा, लिव-इन में रहने का दबाव बनाने पर चचेरे भाई ने उतारा था मौत के घाट

https://www.newsindia17.com/2026/09/noorpur-bijnor-woman-murder-case-revealed.html

जिला बिजनौर की नूरपुर पुलिस ने गत 23 सितम्बर को थाना क्षेत्र में मिले महिला के अधजले शव के रहस्य से पुलिस ने पर्दा उठा दिया है. पुलिस ने आज शनिवार को इस मामले का खुलासा करते हुए मृतका के चचेरे भाई को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी के महिला से प्रेम संबंध थे। महिला द्वारा उसके साथ लिव-इन में रहने का दबाव बनाए जाने के चलते आरोपी ने उसकी हत्या की साजिश रची। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर महिला के डेढ़ साल के बेटे को मुरादाबाद से सकुशल बरामद कर लिया है.


पाठकों को स्मरण ही होगा कि गत 23 सितंबर को नूरपुर थाना क्षेत्र के गांव आदमपुर एडवा के जंगल में एक महिला का अधजला शव मिला था. शव के पास ही महिला की डेढ़ वर्षीय बच्ची बैठी हुई रो रही थी. सूचना पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजने के साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी थी. कॉल डिटेल व संदिग्धों की गई पूछताछ के बाद मृतका की पहचान उषा आयु 26 वर्ष निवासी गाँव नवलपुर के रूप में हुई थी.


ऊषा की शादी करीब छह वर्ष पहले अनिल कुमार से हुई थी। अनिल सब्जी बेचने का काम करता है। घटना के बाद पुलिस ने महिला के परिजनों से पूछताछ की। इस दौरान उसके पति ने चचेरे भाई नीरज पर हत्या का शक जताया। पुलिस ने मामले की जांच के दौरान कॉल डिटेल खंगाली तो ऊषा की आखिरी कॉल नीरज से होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने नीरज को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार की।


पुलिस पूछताछ के अनुसार, नीरज ऊषा के ताऊ का बेटा है और दोनों के बीच करीब छह महीने से संबंध थे। पुलिस का कहना है कि ऊषा अपने पति से अलग रहकर नीरज के साथ लिव-इन में रहने का दबाव बना रही थी। इसी बात को लेकर आरोपी ने उसकी हत्या करने की योजना बनाई। योजना के अनुसार गत 22 सितंबर की रात आरोपी ऊषा को उसकी तीन साल की बेटी और डेढ़ साल के बेटे के साथ पिकअप वाहन में बैठाकर आलमपुर एडवा के जंगल में ले गया। वहां उसने ऊषा की गला दबाकर हत्या की औऱ शव को ठिकाने लगाने और उसकी पहचान छिपाने के उद्देश्य से आग लगा दी। पुलिस के आरोपी ने महिला का मोबाइल फोन तोड़कर उसका सिम निकाल दिया और सामान जंगल में फेंक दिया।


वारदात के दौरान महिला की बच्ची के रोने पर आरोपी ने उसे भी नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। आरोपी बच्ची को मृत समझकर उसे और महिला के शव को गन्ने के खेत के किनारे छोड़कर वहां से चला गया। अगली सुबह ग्रामीणों को बच्ची के रोने की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद घटना का पता चला। बच्ची को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।


घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी महिला के डेढ़ साल के बेटे को अपने ससुराल मुरादाबाद ले गया था। वहां उसने बच्चे के संबंध में झूठी कहानी बताई थी। आरोपी से पूछताछ और उसकी निशानदेही पर पुलिस टीम ने मुरादाबाद स्थित उसके ससुराल से बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया। बच्चे की बरामदगी के बाद पुलिस ने मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है।


एसपी ग्रामीण गौतम राय के अनुसार, महिला की हत्या के मामले में नीरज को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, मामले में साक्ष्य जुटाकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।

conter12
अभी तक पाठक संख्या