परीक्षितगढ़/जिला मेरठ - स्कूल बस की चपेट मे आकर 3 वर्षीय मासूम की मौत, आक्रोशित परिजनो ने थाने के सामने शव रखकर किया हंगामा, लगाया जाम - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


गुरुवार, सितंबर 03, 2026

परीक्षितगढ़/जिला मेरठ - स्कूल बस की चपेट मे आकर 3 वर्षीय मासूम की मौत, आक्रोशित परिजनो ने थाने के सामने शव रखकर किया हंगामा, लगाया जाम

parikshitgarh-meerut-school-bus-ki-chapet-mein-aakar-3-varshiya-masoom-ki-maut-parijanon-ne-thane-ke-samne-shav-rakhkar-kiya-hangama-lagaya-jam

आज गुरुवार सुबह जिला मेरठ के परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र मे हुए दर्दनाक हादसे मे 3 वर्षीय मासूम की मौत हो गयी। बताया गया कि बच्चा अपनी माँ के साथ बड़ी बहन को स्कूल बस मे बैठाने गया था। इसी दौरान वह स्कूल बस की ही चपेट मे आ गया। इस घटना पर आक्रोशित परिजनो ने पुलिस पर कार्रवाई मे देरी का आरोप लगाते हुए मासूम का शव थाने के सामने रखकर यातायात जाम कर दिया और हंगामा किया। मौके पर पहुंचे अधिकारियो द्वारा आश्वासन दिए जाने के बाद लोग शांत हुए और मौके से हटे।


प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गाँव बढ़ला निवासी किसान प्रिंस चौधरी के दो बच्चे थे। प्रिंस चौधरी की 6 वर्षीय बेटी जसवीर परीक्षितगढ़ स्थित भावना इंटरनेशनल स्कूल में कक्षा दो में पढ़ती है, जबकि 3 वर्षीय बेटा नवनीत था। स्कूल बस रोजाना जसवीर को लेने गांव के बाहर सड़क तक आती थी। आज गुरुवार सुबह करीब 8 बजे प्रिंस चौधरी की पत्नी पूजा अपनी बेटी जसवीर को स्कूल बस में बैठाने के लिए सड़क पर पहुंची थीं। इस दौरान बेटा नवनीत भी उनके साथ था। पूजा ने बच्चे को सड़क किनारे खड़ा किया और बेटी को बस में बैठाने चली गईं।


पुलिस के मुताबिक जसवीर के बस में बैठने के बाद चालक ने वाहन आगे बढ़ा दिया। इसी दौरान नवनीत भी बस के पीछे-पीछे आ गया और पहिए की चपेट में आ गया। मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाकर बस रुकवाई, लेकिन तब तक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो चुका था। लोगों ने घायल नवनीत को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और ग्रामीण भी अस्पताल पहुंच गए।


बच्चे की मौत के बाद परिजन उसका शव लेकर परीक्षितगढ़ थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस से कार्रवाई की मांग की। परिजनों का आरोप है कि थाने पहुंचने के बाद करीब दो घंटे तक भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने थाने के सामने शव रखकर सड़क जाम कर दी। जाम की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन देकर समझाया, जिसके बाद जाम खुलवाया गया। बताया जा रहा है कि हादसा पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुआ है।


थाना प्रभारी परीक्षितगढ़ केदार नाथ सिंह ने बताया कि बच्चे का पंचनामा भरा गया है और पोस्टमार्टम नहीं कराया गया। उन्होंने बताया कि परिजनों और स्कूल प्रबंधन के बीच समझौता हो गया है। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजन मासूम की मौत से सदमे में हैं।

web counter free
अभी तक पाठक संख्या