उत्तर प्रदेश की जिला सम्भल पुलिस ने गत दिनो कैला देवी थाना क्षेत्र से हुई बिजली के तार चोरी की घटना का खुलासा का कर दिया है। पुलिस ने इस मामले मे गोदाम के केयरटेकर समेत 7 आरोपियो को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किये गए आरोपियो के कब्जे से 9 क्विंटल से अधिक बिजली का तार, एक वाहन टाटा मैजिक व एक कार वैगन आर, तार काटने के उपकरण व 25 हजार रूपये नकद बरामद किये गए है। सभी आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक सम्भल विकास चंद्र त्रिपाठी ने आज मंगलवार दोपहर पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस वार्ता के पूरी घटना और पुलिस कार्रवाई की विस्तृत जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक शुरुआती तौर पर जिस घटना को लूट बताया गया था, जांच में उसकी तस्वीर अलग सामने आई। पुलिस का दावा है कि वारदात की योजना गोदाम के केयरटेकर गौतम सिंह ने बनाई थी। पुलिस के अनुसार गौतम सिंह की जान पहचान आनंद शुक्ला से हुई थी। आरोप है कि आनंद शुक्ल ने ही उसे बिजली के तार बेचने का प्रस्ताव दिया था। इसके बाद तार दिखाने के लिए गौतम ने शेरे पठान को गोदाम भेजा। पुलिस का कहना है कि तार देखने के बाद दिल्ली की एक पार्टी के माध्यम से सौदा कराने की योजना बनी। इस सौदे में गौतम का हिस्सा करीब दो लाख रुपये तय किया गया था।
बताया गया कि योजना के अनुसार गत 27 अगस्त की रात दिल्ली से कुछ लोग वाहनों के साथ गोदाम पहुंचे। गौतम ने इन वाहनो मे दो ड्रम नए और दो ड्रम पुराने बिजली के तार लदवा दिए और मौके से जाने दिया। जांच में सामने आया कि इस प्रकार करीब 30 क्विंटल तार ले जाया गया था।
पुलिस के मुताबिक तय की गयी रकम न मिलने पर गौतम ने गोदाम मालिक संजय श्रीवास्तव को गुमराह करने के लिए लूट की एक मनगढंत कहानी बनाई। उसने बताया कि गोदाम मे आये चार बदमाशों ने उसे पकड़ लिया और करीब 30 क्विंटल बिजली का तार काटकर वाहनों में भरकर ले गए। इसके बाद गौतम ने इसी कथित घटनाक्रम के आधार पर पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के साथ ही अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों को खंगाला। पुलिस के अनुसार फुटेज और जांच के दौरान घटना मे प्रयुक्त वाहनों की पहचान सुनिश्चित की गयी। इन वाहनो में एक टाटा मैजिक पंजीकरण संख्या डीएल1एलएआर 7013 और वैगन आर कार पंजीकरण संख्या डीएल1आरटीसी 6710 शामिल पाए गए। इसके बाद पुलिस ने संदिग्धो से पूछताछ और अन्य साक्ष्यो के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया और केयरटेकर गौतम समेत 7 अन्य आरोपियो को गिरफ्तार कर लिया।
एसपी ने बताया कि जांच में पुलिस को एक अन्य लेन-देन की जानकारी भी मिली। पुलिस के अनुसार घटना से पहले शिकायतकर्ता ने मुरादाबाद के कबाड़ी अरशद को करीब दो क्विंटल बिजली का तार 27 हजार रुपये में बेचा था।
पुलिस ने मामले में अली खान, शमशुल, खुशनूद अली, गौतम सिंह, पुष्पेंद्र, अरशद और आनंद शुक्ला को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार सभी आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपियो के कब्जे से 25 हजार रूपये नकद, 9क्विंटल 80 किलो तार के साथ ही तार काटने के उपकरण और अन्य सामान भी बरामद किया है। अब पुलिस गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है। साथ ही यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपियों का संबंध बिजली के तार चोरी की किसी अन्य घटना से है या नहीं।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

