संभल/उत्तर प्रदेश - विवादित मस्जिद पर रातो रात डाल दिया लिंटर, विरोध के बाद पुलिस की मौजूदगी मे हटा निर्माण - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


बुधवार, सितंबर 02, 2026

संभल/उत्तर प्रदेश - विवादित मस्जिद पर रातो रात डाल दिया लिंटर, विरोध के बाद पुलिस की मौजूदगी मे हटा निर्माण

/sambhal-uttar-pradesh-vivadit-masjid-par-raato-raat-dala-linter-virodh-ke-baad-hata-nirman

पिछले कुछ समय से विभिन्न साम्प्रदायिक व अन्य घटनाये घटित होने के कारण चर्चा का विषय बन चुके जिला संभल के नखासा थाना क्षेत्र मे एक मस्जिद के छत निर्माण को लेकर दो पक्ष आमने सामने आ गए। रात के समय निर्माण किये जाने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या मे ग्रामीण मौके पर आ जुटे और विरोध जताया। मामला सामने आते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी गांव पहुंचे और दोनों पक्षों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित किया। 


ग्रामीणों के मुताबिक गांव मन्नीखेड़ा में स्थित मस्जिद नूरी की छत पर पहले टीन शेड लगा हुआ था। आरोप है कि 30 अगस्त की रात टीन शेड हटाकर यहाँ गाटर-पट्टे डाले गए और पक्का लिंटर डाल दिया गया। निर्माण की जानकारी होने पर ग्रामीणों का एक समूह मौके पर पहुंचा और निर्माण को लेकर आपत्ति दर्ज कराई। इस मामले में नितेश, कुलदीप, राजीव, महेंद्र, जगपाल, शिवम, रवि, नेत्रपाल, दीपक और सतवीर सहित कई ग्रामीणों ने एसडीएम को शिकायत दी। शिकायतकर्ताओं ने निर्माण की जांच कराने के साथ ही अतिरिक्त निर्माण को हटाने की मांग की।


ग्रामीणों ने बताया कि संबंधित स्थल को लेकर वर्ष 2009 से विवाद चला आ रहा है। राजीव कुमार का कहना है कि उस समय तत्कालीन एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य रुकवा दिया था। साथ ही विवादित स्थान पर आगे किसी तरह का निर्माण नहीं करने के निर्देश दिए गए थे। ग्रामीणों के अनुसार, उस समय यह क्षेत्र हसनपुर सीओ और सैदनगली थाना क्षेत्र में आता था। उनका दावा है कि बाद में रामलीला मैदान में दोनों पक्षों की बैठक भी हुई थी, लेकिन गांव में नए धार्मिक निर्माण को लेकर कोई सहमति नहीं बन पाई थी।


दूसरी ओर, मस्जिद कमेटी से जुड़े इकरार ने नए निर्माण के आरोपों को गलत बताया। उनका कहना है कि मस्जिद की छत पहले कच्ची थी और उसे लगभग दो से ढाई महीने पहले ही पक्का कराया गया था। उनके अनुसार, मामले को अनावश्यक रूप से विवादित बनाया जा रहा है।


विवाद की सूचना मिलने के बाद सीओ असमोली अमन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने दोनों पक्षों से बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी ली। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में मस्जिद कमेटी से जुड़े लोगों ने अतिरिक्त निर्माण हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी।


सीओ अमन कुमार ने बताया कि कमेटी की ओर से कुछ अतिरिक्त निर्माण कराया गया था। उन्होंने बताया कि यह निर्माण व्यक्तिगत स्थान पर ही किया गया था। फिलहाल गांव में शांति और आपसी सौहार्द कायम रखने के उद्देश्य से कमेटी ने अतिरिक्त निर्माण को स्वयं हटाने का निर्णय लिया है। पुलिस-प्रशासन की कार्रवाई के बाद फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य और शांतिपूर्ण बनी हुई है। अधिकारियों ने दोनों पक्षों से संयम बरतने तथा आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।

web counter free
अभी तक पाठक संख्या