शाहजहाँपुर सदर बाजार थाना क्षेत्र मे कल रविवार की शाम एक नवविवाहिता का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिलने पर हड़कंप मच गया। बेटी की मौत की जानकारी मिलने पर हरदोई से पहुंचे मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज को लेकर प्रताड़ित करने और हत्या के बाद शव को फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला हरदोई के पिहानी थाना क्षेत्र अंतर्गत गाँव अंटा निवासी शालू उर्फ़ अनुपम आयु 19 वर्ष पुत्री जयदेवी शर्मा की शादी लगभग 4 माह पूर्व पवन शर्मा निवासी ककरा, सदर बाजार, शाहजहांपुर के साथ हुई थी। कल रविवार देर शाम शालू की मौत की सूचना मिलते ही मायके पक्ष वाले मौके पर पहुंचे और ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग पूरी न होने पर हत्या किये जाने का आरोप लगाया। मायके वालों का आरोप है कि शादी के समय दहेज में बाइक देने के बावजूद शालू के ससुराल पक्ष वाले प्लाट, 1 लाख रूपये नकदी और सोने की चेन की मांग कर रहे थे। आरोप है कि ये मांग पूरी न होने पर पति पवन शर्मा व ससुराल पक्ष के अन्य सदस्य शालू को मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे।
मृतका की मां जय देवी शर्मा का कहना है कि उन्हें रविवार शाम बेटी की मौत की सूचना मिली। सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुँची और आसपास के लोगों से घटना के संबंध में जानकारी ली। पुलिस को दी गयी तहरीर मे जयदेवी शर्मा ने शालू की हत्या कर शव को फंदे पर लटकाये जाने की आशंका जताई है।
पुलिस ने मायके पक्ष द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर पति पवन शर्मा समेत ससुराल पक्ष के कुल सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर है। पुलिस नामजद आरोपियों की तलाश के साथ ही मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
थाना प्रभारी सदर बाजार के मुताबिक शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि विवाहिता की मौत किन परिस्थितियों में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों से मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

