विदेश में बेहतर रोजगार की उम्मीद लेकर दुबई पहुंचे शेरकोट क्षेत्र के एक युवक के साथ लाखो की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि एजेंट ने जिप्सम कारपेंटर की नौकरी और 1500 एईडी मासिक वेतन का भरोसा देकर युवक से करीब 1.89 लाख रुपये वसूल लिए। दुबई पहुंचने के बाद उसे बताया गया काम नहीं मिला और कम वेतन पर लोडिंग-अनलोडिंग का काम कराया गया।
थाना क्षेत्र के गाँव धुराड़ा निवासी शिवम कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि अफजलगढ़ क्षेत्र के मोहम्मद जाहिद नामक एजेंट ने उसे दुबई में जिप्सम कारपेंटर के पद पर नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था। एजेंट ने इसके लिए हर महीने 1500 एईडी वेतन मिलने की बात कही थी। शिवम के अनुसार नौकरी दिलाने के नाम पर एजेंट ने उससे कुल 1,89,800 रुपये लिए। इनमें 40 हजार रुपये नकद दिए गए, जबकि शेष 1,49,800 रुपये यूपीआई के माध्यम से ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए।
शिवम का आरोप है कि दुबई पहुंचने के बाद उसे जिप्सम कारपेंटर की नौकरी नहीं दी गई। उससे लोडिंग-अनलोडिंग का काम कराया गया और उसे केवल 800 एईडी मासिक वेतन दिया गया। इस बारे मे एजेंट से बात करने पर उसे लगातार आश्वासन देकर टाल दिया गया। काफी समय तक स्थिति में सुधार नहीं होने पर शिवम भारत लौट आया। इसके बाद उसने मामले की शिकायत पुलिस चौकी के साथ-साथ जनसुनवाई पोर्टल पर भी दर्ज कराई।
शेरकोट पुलिस ने शिवम की शिकायत के आधार पर एजेंट के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जाँच शुरू कर दी है। मामले की जांच उपनिरीक्षक मोहित चौधरी को सौंपी गई है। पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों, पैसों के लेनदेन और विदेश में नौकरी दिलाने के लिए किए गए कथित वादों से जुड़े साक्ष्यों की जांच कर रही है।
विदेश में नौकरी के नाम पर युवाओं से ठगी के ऐसे मामलों के बीच पुलिस ने लोगों से किसी भी एजेंट के माध्यम से विदेश जाने से पहले उसके दस्तावेजों और नौकरी से संबंधित दावों की पूरी तरह जांच करने की अपील की है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

