उत्तर प्रदेश पुलिस की कार्यशैली भी अजीब है। गत नौ माह पूर्व चोरी हुई एक बुलेट मोटरसाइकिल के मुकदमे में पुलिस एफआर लगा चुकी थी इसी दौरान उस बाइक का मुरादाबाद में चालान कट गया। बाइक स्वामी द्वारा मुरादाबाद पुलिस से संपर्क करने पर चालक का पता लगा। इस मामले में नूरपुर पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लेकर जांच शुरू की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नूरपुर थानाक्षेत्र के गांव कुंडा खुर्द निवासी जाहिद की बुलेट बाइक गत मार्च माह में घर के बाहर से चोरी हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने 20 मार्च को बाइक चोरी का मुकदमा दर्ज किया था। बाइक का सुराग न लगने पर पुलिस ने मुकदमे में एफआर लगा दी थी। हाल ही में जाहिद के मोबाइल पर उसकी चोरी हुई बाइक का चालान मुरादाबाद में कटने का मैसेज आया। जाहिद ने मुरादाबाद पुलिस से संपर्क किया तो पुलिस ने चालक द्वारा दी गई आइडी से उसकी पहचान की। जाहिद ने दो दिन पूर्व नूरपुर पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने तलाश शुरू की तो उक्त युवक अमरोहा जिले के नौगावां थानाक्षेत्र के गांव खेड़ी का निकला। पुलिस ने गांव से उसे हिरासत में ले लिया है।
थाना प्रभारी रविद्र कुमार वर्मा के अनुसार कि युवक ने बताया कि वह हरिद्वार में नौकरी करता था। उसके बयान झूठे प्रतीत होते हैं। अब पुलिस गहनता से जांच कर रही है।
| अभी तक पाठक संख्या |
