मुरादाबाद जिले के पाकबड़ा थाने में पहुंचे पति पत्नी के विवाद का निपटारा पुलिस करा पाती उससे पूर्व ही पत्नी आपा खो बैठी और थाने में ही पति को पीटने लगी। पत्नी की पिटाई से बचने के लिए पति थाने की दीवार कूदकर मौके से भाग निकला। थाने में घटित इंटरनेट मीडिया पर पति-पत्नी का यह विवाद वायरल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र के डिडौरी गांव निवासी युवक ने पाकबड़ा थाना क्षेत्र के हाशमपुर गोपाल गांव निवासी एक युवती से चार माह पहले प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद कुछ दिनों बाद तक पति पत्नी के बीच सब कुछ सही रहा,लेकिन इसके बाद घर में विवाद होने लगे। पीड़ित पति के अनुसार बीते चार दिसंबर को पत्नी को लेने के लिए ससुराल गया था। लेकिन, ससुराल के लोगों ने पत्नी को घर के कमरे में बंद करके मोबाइल छीन लिया था। पीड़ित पति ने मामले की तहरीर थाने में देकर शिकायत की थी। इस शिकायत के बाद पाकबड़ा पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने में बुलाया था। दोनों पक्ष गांव के प्रधानों के साथ पहुंच गए। दोनों पक्षों के बीच पंचायत चल रही ही रही थी कि भरी पंचायत में पत्नी को किसी बात पर गुस्सा आ गया। इसके बाद थाने के अंदर ही पत्नी ने पति को पीटना शुरू कर दिया। पति किसी तरह थाने की दीवार कूदकर भाग निकला। पत्नी ने काफी दूर तक पति का पीछा किया। इस दौरान पुलिसकर्मी केवल तमाशा देखते रहे।
दूसरी ओर कुछ लोगों ने इस घटना को अपने मोबाइल में कैद करके वीडियो वायरल कर दिया। वायरल वीडियो में युवती के माता-पिता हाथ जोड़ रहे हैं। पिता हाथ जोड़कर घर चलने के लिए कह रहा है, लेकिन युवती ने किसी की बात नहीं सुनी, उसने पिता को किनारे कर पति को पकड़ने के लिए दौड़ लगा दी। पाकबड़ा थाना प्रभारी रंजन शर्मा पति-पत्नी के बीच विवाद के निस्तारण के लिए बुलाया था। युवती मानसिक तनाव में थी, जिसके कारण वह उल्टी-सीधी हरकतें कर रही थी। बाद में दोनों पक्ष मौके से चले गए थे।
| अभी तक पाठक संख्या |
