जमीन के बंटवारे के विवाद के चलते धारदार हथियार से पिता की हत्या करने वाले बेटे को न्यायालय ने उम्रकैद की सजा सुनाई है। इस मामले में उसके बड़े भाई ने गवाही दी थी। आरोपी युवक पर 10 हजार रुपये का जुर्माना भी न्यायालय ने लगाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला अमरोहा के थाना क्षेत्र आदमपुर के गांव जेबड़ा में किसान राजाराम सिंह का परिवार रहता है। राजाराम सिंह का संपत्ति के बंटवारे को लेकर छोटे बेटे सतपाल सिंह से विवाद चल रहा था। गत 01 जून 2019 की शाम लगभग सात बजे पिता-पुत्र के बीच फिर से बंटवारे को लेकर विवाद हुआ था। घर में ही सतपाल सिंह ने धारदार हथियार से पिता की गर्दन पर वार कर हत्या कर दी थी। घटना को अंजाम देकर वह फरार हो गया था। बड़े भाई वेदप्रकाश ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। अभी तक सतपाल सिंह जेल में ही है।
हत्या का यह मुकदमा एडीजे चतुर्थ सूर्य प्रकाश सिंह की अदालत में चल रहा था। मुकदमे की सुनवाई के दौरान भाई वेदप्रकाश ने अपने छोटे भाई सतपाल सिंह के खिलाफ गवाही दी थी। अदालत ने सतपाल सिंह को दोषी करार दिया। शासकीय अधिवक्ता रामभरोसे सिंह ने बताया कि अदालत ने युवक को उम्रकैद की सजा सुनाई है तथा 10 हजार का जुर्माना भी लगाया है।
| अभी तक पाठक संख्या |
