मुरादाबाद में कई स्थानों पर लोगो ने रेलवे की जमीन पर कब्जा कर स्थायी निर्माण भी कर लिए हैं। अब इन स्थानों को कब्ज़ा मुक्त कराना रेलवे के लिए टेड़ी खीर साबित हो रहा है। मुरादाबाद रेलवे स्टेशन के नजदीक स्थित कपूर कंपनी पुल के दोनों ओर रेलवे की जमीन पर लोगों ने दुकानें बना ली हैं। यहाँ एक ओर सब्जी मंडी संचालित हो रही है जहाँ अस्थायी फड़ हैं, पर उसके दोनों ओर स्थायी दुकानें भी बना ली गई हैं। इन दुकानों को खाली कराने और तोड़ने का आदेश रेलवे मुख्यालय से कल मंगलवार को मिला।
आदेश के अनुसार आज बुधवार की सुबह रेलवे अधिकारियों ने संयुक्त रूप से बैठक की और दोपहर में टीम गठित कर रेलवे की जमीन पर बनी दुकानों पर कार्रवाई कार्रवाई के लिए भेज दी। इस टीम में आरपीएफ, इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे। मौके पर पहुंची टीम ने नक्शे के अनुसार रेलवे की जमीन पर बनी दुकानों को चिह्नित कर दुकानदारों से सामान बटोरकर जगह खाली करने के लिए कहा। इसी को लेकर कब्जेदारों ने जगह खाली करने को लेकर विरोध शुरू कर दिया। इसके बाद हंगामा शुरू हो गया और रेलवे ने बुलडोजर आदि मंगा लिए। जब कब्जों को तोड़ने के लिए मशीन आगे बढ़ी तो महिलाएं अपनी-अपनी दुकानों के आगे बैठ गईं। आरपीएफ और रेलवे के अधिकारी व कर्मचारी उन्हें समझाते रहे, पर नतीजा नहीं निकला।
समाचार भेजे जाने तक मुरादाबाद के लाइनपार क्षेत्र में हंगामा चल रहा है। हंगामे के चलते ध्वस्तीकरण की कार्रवाई नहीं हो पा रही है।
| अभी तक पाठक संख्या |