आज बुधवार को शिवसैनिकों ने अफजलगढ़ सिंचाई खंड धामपुर के अधिशासी अभियंता को दिए गए ज्ञापन में रामगंगा नदी पर बंधे का निर्माण कराए जाने तथा दोआब से संबंधित फीका नहर की सफाई कराए जाने की मांग की है।
शिव सैनिकों ने सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता को दिए गए ज्ञापन में मांग की है कि इन समस्याओं का शीघ्र निराकरण कराया जाए ज्ञापन में अवगत कराया गया है कि दोआब से निकलने वाली नहर रसूलपुर रजवाहा से किसानों द्वारा फसलों की सिंचाई की जाती है। इस बार सफाई न किए जाने के कारण किसानों के समक्ष सिंचाई को लेकर समस्या उत्पन्न हो गई है। ज्ञापन में कहा गया है कि बरसात के दिनों में यह नहर रौद्र रूप धारण कर लेती है और हजारों बीघा फसल बहाकर ले जाती है। किसानों की ओर से शिवसेना ने ज्ञापन में अवगत कराया है कि 2010 में भी तेज बहाव पानी फसलों को बहाकर ले गया था और किसानो को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ा था। शिवसेना ने ज्ञापन में किसानों की इन समस्याओं के प्रति बिंदुवार विस्तार से जानकारी देते हुए संबंधित समस्याओं का स्थाई निराकरण कराए जाने की मांग की है।
शिवसैनिकों ने चेतावनी दी है कि यदि किसानों से संबंधित इस महत्वपूर्ण समस्या की ओर विभाग द्वारा गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो शिवसेना को किसानों के हित को दृष्टिगत रखते हुए आंदोलनात्मक कदम उठाने पर विवश होना पड़ेगा।ज्ञापन देने वालों में शिवसेना के मंडल प्रमुख आरके आर्य ,चौधरी संजय राणा, देवेंद्र सिंह, संजय कुमार, विनोद कुमार, दुष्यंत कुमार आदि शामिल है।
| अभी तक पाठक संख्या |