आज योगी मथुरा में तो राजभर काशी में करेंगे प्रचार - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


बुधवार, दिसंबर 08, 2021

आज योगी मथुरा में तो राजभर काशी में करेंगे प्रचार

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सभी दलों के धुआंधार प्रचार अभियान में आयी तेजी के क्रम में राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को मथुरा में एक जनसभा को संबोधित करेंगे।

मुख्यमंत्री के आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार योगी आदित्यनाथ मथुरा के मांट स्थित ब्रज आदर्श इंटर कालेज में दोपहर 12 बजे जनसभा को संबोधित करेंगे। उल्लेखनीय है कि मथुरा में मंदिर निर्माण पर हो राजनीतिक खींचतान के कारण इन दिनों सियासी मंथन का केंद्र बना हुआ है।

सभी मुख्य राजनीतिक दलों की गतिविधियां भी इस क्षेत्र में तेज हो गयी हैं। भाजपा की संगठनात्मक बैठकें मथुरा में चल रही हैं। साथ ही सपा, कांग्रेस और बसपा भी इस क्षेत्र में अपने संगठन को ऊर्जा देने में लगे हैं। गौरतलब है कि योगी ने वृंदावन में पिछले दिनों 5०० संतों को भोजन कराया था तो बसपा ने 1००० संतों का जवाबी भोज कराया।

योगी के अलावा विपक्षी दलों में सुभासपा के अध्यक्ष बुधवार को बनारस में दोपहर 12 बजे जनसभा को संबोधित करेंगे। पूर्वांचल क्षेत्र में सपा सुभासपा गठबंधन को मजबूती देने के लिये राजभर की बनारस रैली को अहम माना जा रहा है।

इसके अलावा कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा आज लखनऊ स्थित पार्टी के प्रदेश कार्यालय में कांग्रेस का पहला महिला घोषणा पत्र जारी करेंगी। दोपहर 12 बजे आयोजित कार्यक्रम में श्रीमती वाड्रा महिला घोषणापत्र जारी कर पार्टी की भावी चुनावी रणनीति का भी खुलासा करेंगी। प्रदेश की आधी आबादी को साधने के लिये उन्होंने प्रतिज्ञा अभियान चलाया है और इसी क्रम में कांग्रेस ने पहली बार महिलाओं के लिये अलग से घोषणा पत्र जारी करने की पहल की है।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में राजनीतिक हलचल को तेज करने के सिलसिले को आगे बढ़ाते हुये बसपा के महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा सहारनपुर में दोपहर बाद जनसभा को संबोधित करेंगे। बसपा के साथ 2००7 की तर्ज पर ब्राह्मण मतदाताओं को फिर से जोड़ने के लिये पार्टी अध्यक्ष मायावती के निर्देश पर मिश्रा प्रदेश के विभिन्न इलाकों में ब्राह्मण सम्मेलन कर रहे हैं। मिश्रा की सहारनपुर में रैली को सपा रालोद गठबंधन की मेरठ में मंगलवार को हुयी रैली के जवाब में देखा जा सकता है।