आज मंगलवार को जिला बिजनौर के चांदपुर क्षेत्र गांव सिसौना स्थित ओरिएण्टल बैंक ऑफ़ कॉमर्स की शाखा पर किसानो ने जमकर हंगामा किया। किसानो ने बैंक प्रबंधक को बंधक बनाकर धरना दिया। किसानो ने प्रबंधक पर उत्पीड़न करने का आरोप लगाते हुए अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग की। कई घंटों तक चले हंगामे के बाद अधिकारियों के आश्वासन पर किसानों ने धरना समाप्त कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तहसील चांदपुर के गांव सिसौना में स्थित ओबीसी की शाखा आज मंगलवार सुबह दस बजे शाखा खुलने के साथ ही किसान वहाँ एकत्र हो गए और हंगामा शुरू कर दिया। किसानो ने बैंक शाखा नहीं खुलने दी ताला जड़ दिया। किसानो ने प्रबंधक सुशील कुमार को बंधक बनाते हुए धरना शुरू कर दिया। किसानो ने आरोप लगाते हुए कहा कि प्रबंधक द्वारा उनके बचत खाते से रुपए काट कर लोन के खाते में जमा कर दिए जाते हैं जबकि कई किसानों के केसीसी लोन पहले से ही जमा है। उन्होंने प्रबंधक पर किसानों का शोषण करने का आरोप लगाया। हंगामे की सूचना पर पुलिस भी वहां पहुंच गई और किसानों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। दो घंटे तक चले हंगामे के बाद अधिकारियों से वार्ता होने के बाद किसान शांत हुए और धरना समाप्त कर दिया। उसके बाद बैंक में काम काज शुरू हुआ।
बैंक प्रबंधक ने किसानों के सभी आरोपों को निराधार बताते हुए सभी कार्य बैंक प्रक्रिया के तहत किये जाने की बात कही है। किसानो के इस धरना प्रदर्शन में मुख्य रूप से किसान अजय पाल सिंह, संजीव कुमार, मुकेश, अनुज, सतीश, सोहित, मगन सिंह, नवनीत, अमित त्यागी, गौरव त्यागी, अखिलेश त्यागी आदि शामिल रहे।
| अभी तक पाठक संख्या |