अमरोहा के थाना व कस्बा नौगावां सादात के एक मौहल्ला निवासी युवक का घर के पास ही रहने वाली दूसरी बिरादरी की युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। आज शुक्रवार को प्रेमिका के बुलाने पर युवक उससे मिलने अमरोहा स्थित एक रेस्टोरेंट में पहुंच गया। प्रेमिका के परिजनों को शक था लिहाजा उन्होंने भी दोनों का पीछा किया और अमरोहा के एक रेस्टोरेंट में दोनों को पकड़ लिया। परिजनों ने प्रेमिका की पिटाई कर उसे घर भेज दिया। प्रेमिका को घर भेजने के बाद प्रेमी को भी रेस्टोरेंट से खींच कर बाहर निकाल लिया तथा उसे भी अपने साथ ले गए। युवती के परिजनों ने नौगावां सादात ले जाकर युवक बंधक बना लिया तथा उसके साथ मारपीट की।
मामला मौहल्ले का ही था अतः प्रेमी के परिजनों को भी जानकारी हो गई। इस हंगामे के चलते मौहल्ले में तनाव व्याप्त हो गया। स्थानीय लोगों की पंचायत बैठ गई तथा युवक को बंधनमुक्त कराया गया। पंचायत में दोनों पक्षों में समझौता करा दिया गया। प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र चौहान ने बताया कि इस संबंध में थाने पर कोई शिकायत नहीं मिली है।
| अभी तक पाठक संख्या |
