प्राप्त जानकरी के अनुसार नगीना के मोहल्ला लाल सराय स्थित अल फैजान म्यूचुअल बेनिफिट निधि लिमिटेड में नगीना व आसपास के लोगों से लेन-देन का कार्य होता था। बताया जाता है कि अल फैजान में लोगों के करोड़ों रुपये की नकदी व जेवरात जमा थे। रोजाना की भांति मंगलवार को जब खातेदार लेन-देन करने के लिए पहुंचे तो उन्हें तय समय सीमा के बाद भी कार्यालय बंद मिला। पता चला कि अल फैजान शाखा का संचालक करोड़ों रुपये की नकदी व खातेदारों के शाखा में जमा जेवरात भी लेकर फरार हो गया। इसके बाद पीड़ित लोगों ने थाने पहुंचकर पुलिस को अल फैजान शाखा के संचालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्ण मुरारी दोहरे का कहना है कि लोगों की करीब 80 तहरीर प्राप्त हो गई हैं। अल फैजान शाखा के संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
नगीना निवासी मोहम्मद फैजी अल फैजान म्यूचुअल बेनिफिट निधि लिमिटेड नगीना का मुख्य संचालक व प्रबंधक बताया जाता है। बताया गया कि उक्त प्रबंधक ने हसनपुर, चांदपुर व शेरकोट में भी अपनी शाखाएं खोल रखी थीं, जिसमें लोगों का करोड़ों रुपये जमा बताया जाता है।
आरोपी ने अल फैजान म्यूचुअल बेनिफिट निधि लिमिटेड नगीना की शाखा में खातेदारों के रुपये जमा कराने के लिए गांव-गांव और नगर में कई अपने एजेंट बना रखे थे। अल फैजान शाखा के संचालक के फरार होने से नगीना व आसपास के ग्रामीणों के सपने चकनाचूर हो गए। कई खातेदारों ने बताया कि उन्होंने अपनी खून पसीने की सारी कमाई इसी शाखा में जमा कर रखी थी।
| अभी तक पाठक संख्या |
