कल रविवार की शाम बाइक सवार सरेराह सेना की भर्ती से वापस लौट रहे युवक के हाथ से बैग छीनकर फरार हो गए। पीड़ित युवक ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई किये जाने की माँग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला संभल के थाना एचोड़ा कम्बोह क्षेत्र का निवासी देवेंद्र सिंह सेना की भर्ती के लिए हैदराबाद गया था। कल रविवार की शाम वापसी जब वह जिला अमरोहा के जोया पहुँचा। वह वहाँ बस का इन्तजार कर रहा था। उसके पास एक अज्ञात व्यक्ति आया और उससे पूछा कि आप कहाँ जाओगे। देवेंद्र ने कहा कि उसे जिला संभल के एचोड़ा कम्बोह जाना है। इसी दौरान उसी व्यक्ति का एक अन्य बाइक सवार साथी वहाँ पहुँचा और उसके हाथ से बैग छीनकर फरार हो गया। देवेंद्र ने शोर मचाते हुए बाइक सवारों का पीछा भी किया मगर दोनों बाइक सवार फरार हो गए। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया।
पीड़ित देवेंद्र सिंह के अनुसार उसके बैग में नकद 2500 रूपये, प्रमाण पत्र व मोबाइल रखा हुआ था। पीड़ित ने देर शाम कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की माँग की है। पीड़ित द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जाँच में जुटी है।
| अभी तक पाठक संख्या |
